ब्राउन शुगर कनेक्शन की पड़ताल में जुटी पुलिस, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल.

बौंसी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8.8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया था.

बौसी . बौंसी थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर बरामदगी मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस अब इस मामले को केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रखकर पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुट गई है. माना जा रहा है कि जिले में सुखे नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और इसके तार कई इलाकों से जुड़े हो सकते हैं. जानकारी के मुताबिक सोमवार को बौंसी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8.8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार आरोपियों में बंशीपुर निवासी फैजुल खान का पुत्र अरमान खान और गज्जर निवासी मो. साबिर अंसारी का पुत्र मो. गुलाम जामी अंसारी शामिल हैं. मंगलवार को दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया.पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है. बौंसी थाना में कांड संख्या 128/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b) और 22 के तहत प्राथमिकी की गई है.सूत्रों की मानें तो शराबबंदी के बाद जिले में ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी का नेटवर्क लगातार सक्रिय हो रहा है. युवाओं को इसकी गिरफ्त में लेने की कोशिशें भी बढ़ी हैं. इसी को लेकर पुलिस मुख्यालय से सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नशा कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है. इसके बाद पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है.थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं. उन्होंने कहा कि सुखे नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shubhash baidya

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >