जामुन समझकर खा लिया जहरीला जंगली फल, विवाहिता की बिगड़ी तबीयत

बांका में जामुन जैसा दिखने वाला जहरीला जंगली फल खाने से 19 वर्षीय विवाहिता की तबीयत बिगड़ी। अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह।

कटोरिया (बांका). आनंदपुर थाना क्षेत्र के पिंड़रा गांव में जामुन जैसा दिखने वाला एक जंगली फल खाना 19 वर्षीय विवाहिता को भारी पड़ गया. फल खाने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. गंभीर हालत में महिला को तत्काल कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार कर उसकी स्थिति पर निगरानी शुरू कर दी.

जमुई जिला की रहने वाली है महिला

पीड़िता की पहचान जमुई जिले के झोंपा गांव निवासी रूपेश कुमार की 19 वर्षीय पत्नी गंगिया कुमारी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह पिछले कई दिनों से अपने मायके पिंड़रा गांव में रह रही थी. शनिवार को घर के समीप जामुन की तरह दिखने वाला एक जंगली फल खाने के बाद उसे तेज पेट दर्द, चक्कर और बेचैनी महसूस होने लगी. देखते ही देखते उसकी हालत बिगड़ने लगी

कटोरिया अस्पताल में भर्ती

जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. शैलजानंद शुक्ला ने महिला का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सक ने बताया कि जहरीले या अपरिचित जंगली फल के सेवन से इस प्रकार की समस्या हो सकती है. समय पर अस्पताल पहुंचने से मरीज का इलाज शुरू कर दिया गया है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है

चिकित्सकों की अपील

डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपरिचित या जंगली फल को बिना पहचान के कभी न खाएं. बरसात के मौसम में कई जहरीले फल और पौधे जंगलों एवं खेतों के आसपास उग आते हैं, जो देखने में सामान्य फलों जैसे लगते हैं, लेकिन उनका सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. यदि ऐसे किसी फल के सेवन के बाद उल्टी, पेट दर्द, चक्कर या बेचैनी जैसी शिकायत हो, तो बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय सलाह लें.

ALSO READ लंदन तक पहुंचेगी भागलपुर की मंजूषा कला, अंतरराष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ा अंग प्रदेश का गौरव


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >