‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को एमके पब्लिक स्कूल की ओर से भव्य तिरंगा शोभायात्रा निकाली गयी. विद्यालय के डायरेक्टर राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा में करीब 250 छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा थामकर पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया. भारत माता की जय के उद्घोष से शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया.
तिरंगे के साथ सड़कों पर निकले विद्यार्थी
शोभायात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर स्टेशन रोड होते हुए गांधी चौक पहुंची. इसके बाद मारवाड़ी गली से गुजरते हुए थाना रोड स्थित मनोरमा कांप्लेक्स के समीप पहुंची. यहां विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों के लिए फ्रूटी सहित अन्य पेय पदार्थों की व्यवस्था की गयी.
यात्रा में छोटे बच्चों का देशभक्ति से जुड़ा आकर्षक रूप लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहा. रिद्धि झा ने रानी लक्ष्मीबाई, रिद्धिमा कुमारी ने भारत माता, अंशुल कुमार ने अध्रव घोष और आरोही कुमारी ने भारतीय सेना की वेशभूषा धारण की. देशभक्ति के विभिन्न रूपों में सजे बच्चों को देखने के लिए लोगों की नजरें ठहर गयीं.
भारत माता के जयकारों से गूंजा इलाका
शोभायात्रा के दौरान विद्यालय के निदेशक, प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए. ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. विद्यार्थियों में तिरंगा लेकर चलने को लेकर खासा उत्साह दिखा.
यात्रा वापस विद्यालय परिसर पहुंची, जहां राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया. मौके पर विद्यालय के निदेशक राजीव सिंह, प्रधानाचार्य निजात खान, ब्यूटी कुमारी, रजनी कुमारी, नेहा कुमारी, रेणु दत्त, स्वेता कुमारी, सुजाता कुमारी, सदानंद सिंह, उदय कुमार, रवि कुमार समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे.
