पंजवारा पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित माराटिकर मुस्लिम टोला में नाली का निर्माण नहीं होने से जलनिकासी की समस्या गंभीर हो गयी है. मुख्य रास्तों पर पानी जमा होने और कीचड़ फैलने से स्थानीय लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है. छोटे बच्चों, स्कूली छात्र-छात्राओं और बुजुर्गों को रोजाना इसी कीचड़ और जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है.
सड़क पर जलभराव, कीचड़ से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि टोले में नाली नहीं होने के कारण घरों और आसपास का पानी मुख्य रास्तों पर ही जमा हो जाता है. जलभराव के कारण सड़क पर जगह-जगह कीचड़ हो गया है. स्थिति ऐसी है कि पैदल चलने के दौरान लोगों को फिसलने का डर बना रहता है. स्कूली बच्चों को भी इसी रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है.
कई बार शिकायत, फिर भी नहीं बदली तस्वीर
हसमुल्लू अंसारी, मो. इकराम अंसारी, बीबी नारो खातून, सद्दाम अंसारी, जमाल अंसारी और सहबाउद्दीन अंसारी सहित दर्जनों ग्रामीणों ने समस्या को लेकर गहरा आक्रोश जताया. ग्रामीणों ने बताया कि नाली निर्माण की मांग को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दी गयी. इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है. ग्रामीणों का आरोप है कि हर बार आश्वासन दिया गया, लेकिन धरातल पर कोई काम शुरू नहीं हुआ.
फंड नहीं होने से रुका नाली निर्माण
इस संबंध में वार्ड सदस्य मो. मुस्तफा अंसारी ने कहा कि फिलहाल क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए फंड उपलब्ध नहीं है. फंड के अभाव के कारण नाली निर्माण का काम नहीं हो पा रहा है. उन्होंने माना कि नाली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने जल्द समाधान की मांग की
ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण होने से जलनिकासी की समस्या दूर हो सकती है और मुख्य रास्ते पर जलभराव व कीचड़ से भी राहत मिलेगी. लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द पहल कर नाली निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके.
