शंभुगंज (बांका) से ठाकुर बिनोद का रिपोर्ट : बांका जिले के शंभुगंज बाजार स्थित खपड़ा मोड़ के समीप शुक्रवार सुबह एक फूल दुकान में भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि दुकान में रखे फ्रिज में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगने के बाद दुकान में मौजूद पटाखों के फूटने से इलाके में दहशत फैल गई.
फ्रिज में आग लगने से शुरू हुई घटना
जानकारी के अनुसार शंभुगंज-इंग्लिश मोड़ मुख्य पथ पर स्थित “दीपक फ्लावर्स” दुकान में शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे अचानक आग लग गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान में रखे फ्रिज में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी थी. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. दुकान में रखे पटाखे फूटने लगे, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया.
घनी आबादी के कारण बढ़ा खतरा
घटनास्थल के आसपास कई दुकानें और घनी आबादी होने के कारण आग फैलने का खतरा काफी बढ़ गया था. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी और पानी की मदद से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया.लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बाजार में बड़ा हादसा हो सकता था.
देर से पहुंची दमकल टीम
घटना की सूचना तुरंत शंभुगंज थाना और फायर ब्रिगेड को दी गई. लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक घंटे तक दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी. इस दौरान बाजार के लोगों ने खुद मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.फूल दुकान की आड़ में पटाखा बिक्री की चर्चा
स्थानीय लोगों का कहना है कि “दीपक फ्लावर्स” दुकान में शादी-विवाह के लिए दूल्हा गाड़ी सजाने का काम किया जाता था. वहीं दुकान की आड़ में पटाखे भी बेचे जा रहे थे. आग लगने के बाद पटाखों के धमाके से स्थिति और भयावह हो गई. घटना के कारण शंभुगंज-इंग्लिश मोड़ मुख्य मार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा.
