अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट : बांका जिले के अमरपुर बाजार में मिलावटी खाद्यान्न बेचने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. भिखनपुर गांव की एक महिला ने आरोप लगाया कि बाजार से खरीदी गई सूजी पानी में भिगोने के बाद प्लास्टिक जैसी हो गई और जलाने पर प्लास्टिक जैसी दुर्गंध आने लगी. शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित दुकानों में पहुंचकर जांच शुरू कर दी.
इडली बनाने के दौरान सामने आया मामला
भिखनपुर गांव निवासी अनीता देवी ने बताया कि करीब छह दिन पहले उन्होंने अमरपुर बंगाली टोला स्थित शशि किराना स्टोर से ढाई किलो सूजी खरीदी थी. गुरुवार सुबह जब उन्होंने इडली बनाने के लिए सूजी को पानी में भिगोया, तो कुछ देर बाद वह प्लास्टिक जैसी दिखाई देने लगी. महिला का दावा है कि उसे जलाने पर प्लास्टिक जैसी जली हुई गंध भी आई.
शिकायत पर हरकत में आया प्रशासन
मामले की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ महिला के घर पहुंच गई. शिकायत के बाद एडीसीओ उमाकांत शर्मा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रविंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी भिखनपुर गांव पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. इसके बाद अधिकारियों की टीम अमरपुर बाजार स्थित शशि किराना स्टोर पहुंची, जहां दुकानदार भरत साह ने महिला को सूजी बेचने की बात स्वीकार की.जांच में सामने आया नया मोड़
दुकानदार ने बताया कि उसने बंगाली टोला स्थित लक्ष्मी ओम भंडार से पांच बोरा सूजी खरीदी थी. हालांकि जब अधिकारी जांच के लिए वहां पहुंचे तो संचालक ने सूजी बेचने की बात से इनकार कर दिया.
“मिलावट गंभीर अपराध”
एडीसीओ उमाकांत शर्मा ने कहा कि खाद्यान्न में मिलावट गंभीर अपराध है. मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी.ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अमरपुर बाजार में मसाला, तेल, सूखे मेवे और अन्य खाद्य सामग्री में बड़े पैमाने पर मिलावट का खेल चल रहा है. लोगों ने प्रशासन से बाजार की गुप्त जांच कर दोषी दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
