Poshan Vatika : बांका जिले के ग्राम पंचायत बभनगामा के वार्ड संख्या-7 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पोषण वाटिका विकसित की गई. इस दौरान विभिन्न प्रकार के फलदार वृक्षों और पौष्टिक सब्जियों के पौधे लगाए गए. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी भाग लिया और पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया.
बच्चों को मिलेगा ताजा और पौष्टिक आहार
मुखिया दिगम्बर कुमार मंडल ने बताया कि पोषण वाटिका का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों को ताजी एवं पौष्टिक सब्जियां और फल उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि नियमित रूप से हरी सब्जियों और फलों का सेवन बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है. इस पहल से बच्चों के पोषण स्तर में सुधार होगा और कुपोषण जैसी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी.
पोषण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मुखिया ने कहा कि पोषण वाटिका केवल पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जैविक खेती के प्रति भी जागरूक करेगी. उन्होंने ग्रामीणों से अपने घर, आंगन और खाली पड़ी जमीन पर फलदार एवं सब्जियों के पौधे लगाने का आह्वान किया. उनका कहना था कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ, स्वावलंबी और कुपोषण मुक्त समाज का निर्माण संभव है. यदि प्रत्येक परिवार कुछ फलदार और सब्जियों के पौधे लगाए, तो परिवार को पौष्टिक भोजन मिलने के साथ-साथ हरियाली भी बढ़ेगी.
सभी ने लिया देखभाल का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला समूह की सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. सभी ने पोषण वाटिका की नियमित देखभाल करने और इसे निरंतर विकसित करने का संकल्प लिया. ग्रामीणों ने कहा कि ऐसी पहल बच्चों के स्वस्थ भविष्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
