अमरपुर के एक स्कूल में घुसा कटखना बंदर, छठी की छात्रा पर किया हमला, गांव में दहशत का माहौल

Monkey Attack in Banka : महौता गांव के स्कूल में अचानक घुसे एक खूंखार बंदर ने अफरा-तफरी मचा दी. बंदर ने छठी कक्षा की एक छात्रा पर हमला कर घायल कर दिया. इस घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है.

Monkey Attack in Banka : मंगलवार को महौता गांव स्थित प्रोन्नत मध्य विद्यालय में उस समय भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जब एक कटखना बंदर अचानक विद्यालय परिसर में घुस गया. बंदर को देखते ही छात्र-छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान बंदर ने छठी कक्षा की छात्रा बीणा कुमारी पर हमला कर दिया. घायल छात्रा की पहचान महौता गांव निवासी संजय मंडल की 12 वर्षीय पुत्री बीणा कुमारी के रूप में हुई है.

अस्पताल में कराया गया प्राथमिक उपचार

घटना के तुरंत बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार, शिक्षक विपुल यादव और समाजसेवी मृत्युंजय शर्मा घायल छात्रा को लेकर अस्पताल पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने छात्रा का प्राथमिक उपचार किया. घटना के बाद भयभीत छात्र-छात्राएं स्कूल छोड़कर अपने-अपने घर लौट गए.

दो माह पहले भी कई लोगों पर कर चुका है हमला

समाजसेवी एवं भाजपा नेता मृत्युंजय शर्मा ने बताया कि करीब दो माह पहले भी इसी कटखने बंदर ने गांव के दर्जनों लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था. ग्रामीणों की मांग और उनकी पहल पर उस समय वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर बंदर का रेस्क्यू किया था. अब दो महीने बाद फिर से बंदर के दिखाई देने और हमले की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है.

वन विभाग से रेस्क्यू की उठी मांग

ग्रामीणों का कहना है कि कटखने बंदर के आतंक के कारण लोग अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं. गांव के लोग भी घर से बाहर निकलने में असहज महसूस कर रहे हैं. समाजसेवी मृत्युंजय शर्मा ने स्थानीय प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर वन विभाग की टीम भेजने और बंदर का सुरक्षित रेस्क्यू कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीण और स्कूली बच्चे बिना डर के सामान्य जीवन जी सकें.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >