एंबुलेंस चोरी का मास्टरमाइंड, अंतर जिला वाहन चोर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

शंभुगंज बाजार स्थित एक गैरेज से एक सप्ताह पूर्व चोरी हुई एंबुलेंस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.

शंभुगंज. शंभुगंज बाजार स्थित एक गैरेज से एक सप्ताह पूर्व चोरी हुई एंबुलेंस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस सनसनीखेज कांड के मास्टरमाइंड और अंतर जिला गिरोह के सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. शंभुगंज पुलिस ने मंगलवार देर शाम मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव से आरोपी को दबोचा. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. आसिफ, पिता मो. शमशाद के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार एंबुलेंस चोरी की पूरी साजिश मो. आसिफ ने ही रची थी और वही गिरोह का संचालन कर रहा था. इससे पूर्व इस मामले में पुलिस ने संग्रामपुर थाना क्षेत्र के कोराजी गांव से रतन कुमार तथा शंभुगंज थाना क्षेत्र के गोयड़ा गांव से मकोरम मंडल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की निशानदेही पर असरगंज स्थित चमड़ा गोदाम के पास से चोरी हुई एंबुलेंस के कई महत्वपूर्ण पार्ट्स बरामद किए गए थे. इनमें ऑक्सीजन सिलेंडर, हीटर सहित अन्य उपकरण शामिल हैं. इसके अलावा सहदेवपुर गांव समेत विभिन्न स्थानों से चोरी की चार बाइक और एक कार भी बरामद की गई थी. हालांकि उस समय मास्टरमाइंड मो. आसिफ पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी. गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने मुंगेर के तारापुर बाजार में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा चोरी गई एंबुलेंस के ठिकाने के संबंध में जानकारी जुटा रही है. पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द ही चोरी हुई एंबुलेंस को भी बरामद कर लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जायेगी. गिरफ्तार आरोपी मो. आसिफ को न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >