अमरपुर. शहर स्थित कन्या मध्य विद्यालय की वार्षिक परीक्षा के मूल्यांकन में घोर लापरवाही सामने आई है. विद्यालय द्वारा जारी अंकपत्र में प्राप्त अंकों के जोड़-घटाव में त्रुटि और अधूरी प्रविष्टियों के कारण छात्रों व अभिभावकों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. वार्ड संख्या आठ निवासी गौतम पोद्दार ने बताया कि उनकी पुत्री सोनम कुमारी (कक्षा सात) और पुत्र (कक्षा पांच) दोनों इसी विद्यालय के छात्र हैं. विद्यालय द्वारा दिए गए अंकपत्र में दोनों बच्चे उत्तीर्ण दर्शाए गए हैं, लेकिन जब उन्होंने अंकपत्र की बारीकी से जांच की तो पाया कि प्राप्तांकों के कुल योग में भारी गड़बड़ी है. साथ ही कई कॉलम भी अधूरे भरे गए हैं, जिससे अंकपत्र की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं. अभिभावक द्वारा जब इस संबंध में विद्यालय के शिक्षकों से संपर्क किया गया, तो संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका. पुन अभिभावक मंगलवार को प्रधानाध्यापक श्याम कुमार पासवान से मिलकर मामले की शिकायत की. मौके पर प्रधानाध्यापक ने अंकपत्र में गड़बड़ी को स्वीकार करते हुए कहा कि कार्य के अत्यधिक बोझ के कारण शिक्षकों से अनजाने में यह गलती हो गई होगी. उन्होंने शिक्षिका रूबी कुमारी को संबंधित अंकपत्रों में सुधार करने का निर्देश दिया. मौके पर उपस्थित पूर्व वार्ड पार्षद प्रत्याशी सह समाजसेवी शिवशंकर उर्फ भोलू पोद्दार ने विद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि जब दो छात्रों के अंकपत्र में इतनी स्पष्ट त्रुटि सामने आई है, तो संभव है कि विद्यालय के अन्य छात्रों के अंकपत्र भी गड़बड़ी हो सकती है. उन्होंने सभी छात्रों के अंकपत्रों की पुनः जांच कराने की मांग की है, ताकि किसी भी छात्र के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो. इस मामले ने शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही की पोल खोल दी है और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल बना दिया है.
वार्षिक परीक्षा मूल्यांकन में बड़ी लापरवाही, जांच की मांग
शहर स्थित कन्या मध्य विद्यालय की वार्षिक परीक्षा के मूल्यांकन में घोर लापरवाही सामने आई है.
