बामदेव में कलश शोभायात्रा के साथ महारुद्र यज्ञ हुआ प्रारंभ

प्रखंड के धौनी बामदेव पंचायत अंतर्गत बामदेव गांव में बुधवार को कलश शोभायात्रा के साथ श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ.

बांका/रजौन. प्रखंड के धौनी बामदेव पंचायत अंतर्गत बामदेव गांव में बुधवार को कलश शोभायात्रा के साथ श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ. रंग-बिरंगी परिधानों में सजी सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर श्रद्धा और उत्साह के साथ शोभायात्रा में भाग लिया. कलश यात्रा यज्ञ स्थल बामदेव बाजार से निकलकर गौतार, सोहली, लकड़ा होते हुए तिलकपुर मंदिर प्रांगण पहुंची. वहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पवित्र जल भरकर श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल लौटे. गाजे-बाजे, भक्ति गीतों और आकर्षक झांकियों के साथ निकली इस शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया. देवी-देवताओं की सुंदर झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं. शोभायात्रा में मुख्य यजमान डॉ इंद्रदेव सिंह एवं उनकी पत्नी शीला देवी के साथ सहायक यजमान सुनील सिंह, अरविंद सिंह, सूरज बिंद और मुल्लहो हरिजन अपनी-अपनी पत्नियों के साथ अग्रिम पंक्ति में चल रहे थे, जबकि पीछे महिलाओं की लंबी कतार ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ आगे बढ़ रही थी. कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. इनमें जदयू प्रदेश सचिव मनोज सिंह, प्रखंड अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, जिला परिषद सदस्य मुकेश कुमार सिंह, मुखिया संघ सचिव प्रवीण कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार उर्फ टिंकू सिंह, पंसस अशोक रजक, उप मुखिया राजीव कुमार मंडल और पूर्व सरपंच प्रदीप कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. सायंकालीन बेला में स्थानीय विधायक मनीष कुमार ने यज्ञ का विधिवत उद्घाटन किया. आयोजन समिति के अध्यक्ष अर्जुन प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष अनंत सिंह, सचिव अरुण चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि यज्ञाचार्य पंडित जयप्रकाश उपाध्याय के नेतृत्व में हवन अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है. साथ ही वृंदावन के श्री बाल कृष्ण लीला संस्थान के कलाकारों द्वारा रासलीला का मंचन भी किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >