कामतपुर में महारुद्र यज्ञ से भक्तिमय हुआ माहौल, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के कामतपुर गांव में आयोजित श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ को लेकर पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल बना हुआ है.

शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के कामतपुर गांव में आयोजित श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ को लेकर पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. कामतपुर गांव सहित आसपास के गांवों में धार्मिक उत्साह चरम पर है और हर ओर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. यह महारुद्र यज्ञ 29 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जिसमें दूर-दराज से भी श्रद्धालु भाग लेने पहुंच रहे हैं. रविवार को पूर्व मंत्री व अमरपुर विधानसभा के वर्तमान विधायक जयंत राज कामतपुर गांव पहुंचे और यज्ञ में शामिल होकर पूजा-अर्चना की. यज्ञ स्थल पर पहुंचते ही ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया. फूल-मालाओं से लादकर और पारंपरिक तरीके से अभिनंदन कर ग्रामीणों ने अपनी खुशी जाहिर की. पूरे आयोजन स्थल पर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा. इस अवसर पर विधायक जयंत राज ने ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एकजुट करने का कार्य करते हैं. उन्होंने कहा कि महारुद्र यज्ञ जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. साथ ही उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों के प्रयासों की भी प्रशंसा की. यज्ञ स्थल पर भक्ति गीतों, मंत्रोच्चार और हवन की सुगंध से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के आयोजन से न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलता है, बल्कि सामाजिक एकता भी मजबूत होती है. महारुद्र यज्ञ के चलते कामतपुर गांव इन दिनों धार्मिक केंद्र के रूप में उभर गया है, जहां हर दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और भक्ति की गंगा बह रही है. यज्ञ को सफल बनाने में सभी ग्रामीणों का सहयोग मिल रहा है. इस मौके पर प्रखंड जदयू अध्यक्ष बालेश्वर प्रसाद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >