जल निकासी की समस्या को स्थानीय प्रशासन ने कराया दूर
धोरैया
. प्रखंड क्षेत्र के रणगांव में ग्रामीण सड़क मार्ग पर बीते कुछ माह से बाधित जल निकासी की समस्या पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए दूर कर दिया है. कुछ ग्रामीणों द्वारा पुलिया के मुहाने को बंद कर दिये जाने के कारण जलजमाव की स्थिति बनी हुई थी, इससे महामारी और गंदगी फैलने का खतरा मंडरा रहा था. स्थानीय प्रशासन द्वारा पूर्व में भी लोगों को चेतावनी दी गयी थी, लेकिन एक महीना बीतने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. अंततः मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ अरविंद कुमार, सीओ श्रीनिवास कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अमित कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक टीम ने संबंधित लोगों को सख्त हिदायत देते हुए तुरंत पानी की निकासी शुरू करवायी. पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालने वाले और गंदगी फैलाने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है. भविष्य में अगर दोबारा जल निकासी को बाधित किया गया, तो पर्यावरण प्रदूषण कानून और स्वच्छता कानून के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में जल निकासी की समुचित और स्थाई व्यवस्था कराने का भी आश्वासन दिया है. इस दौरान आरओ काजल कुमारी, एसआई आसिफ अख्तर आदि मौजूद रहे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.