कटोरिया प्रखंड के राधानगर बाजार निवासी और उर्दू प्राथमिक विद्यालय बिदायडीह, बांका की प्रधान शिक्षिका खुशबू कुमारी के लिए बुधवार का दिन बेहद खास रहा. राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयनित खुशबू कुमारी नई दिल्ली रवाना हो गयीं. आगामी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेंगी. राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रखंड का नाम रोशन करने वाली शिक्षिका के दिल्ली रवाना होने की खबर से कटोरिया और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए भरी उड़ान
खुशबू कुमारी बुधवार को देवघर एयरपोर्ट से हवाई जहाज के जरिए नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं. इस खास मौके पर उनके साथ पति सह नवसृजित प्राथमिक विद्यालय कोला, बांका के प्रधान शिक्षक मनीष कुमार आनंद, पुत्री माही, पुत्र मानस, सास-ससुर, छोटे देवर और छोटी ननद भी दिल्ली पहुंचे हैं. परिवार के सभी सदस्य इस उपलब्धि को लेकर बेहद उत्साहित हैं.
बोलीं- बच्चों की मुस्कान ने हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित होने पर खुशबू कुमारी ने कहा कि सम्मान मिलने की खुशी के साथ उनका मन भावुक भी है. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि बच्चों के साथ रोजमर्रा में किए जाने वाले छोटे-छोटे प्रयास एक दिन राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएंगे.
उन्होंने बताया कि शिक्षक के सफर में कई चुनौतियां आयीं और कई बार थकान भी महसूस हुई, लेकिन बच्चों के चेहरे की मुस्कान और सीखने की ललक ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.
विद्यार्थियों से लेकर परिवार तक को दिया श्रेय
खुशबू कुमारी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों, सहकर्मियों, परिवारजनों और उन सभी लोगों को दिया, जिन्होंने उनके सफर में हर कदम पर उनका साथ दिया. उन्होंने कहा कि उनके लिए यह पुरस्कार महज एक अवार्ड नहीं, बल्कि उनके काम और प्रयासों पर मिला विश्वास है.
उन्होंने कहा कि इस सम्मान के साथ जिम्मेदारी का एहसास भी पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है. यह उनके सफर का अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है.
बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जारी रहेगा प्रयास
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होने जा रहीं खुशबू कुमारी ने कहा कि यह सम्मान उन्हें रुकने के बजाय आने वाले समय में और बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा. बच्चों की शिक्षा, उनके सर्वांगीण विकास और बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए वह आगे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करती रहेंगी.
उनकी उपलब्धि से कटोरिया और बांका जिले के शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों में हर्ष का माहौल है. अब क्षेत्रवासियों को 5 सितंबर का इंतजार है, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों कटोरिया की शिक्षिका खुशबू कुमारी को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.
ये भी पढ़ें : बांका के एकमात्र शिक्षक उमाकांत कुमार को मिलेगा राजकीय शिक्षक सम्मान-2026
