Jewellery Shop Theft : अमरपुर थाना क्षेत्र के कुल्हरिया चौक पर अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलर्स की दुकान में सेंधमारी कर नगदी और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पीड़ित दुकानदार ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है.
सुबह दुकान पहुंचने पर हुआ चोरी का खुलासा
कुल्हरिया गांव निवासी और एस.के. ज्वेलर्स के संचालक सुनील साह ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से कुल्हरिया चौक पर दुकान संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं. रविवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे. सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान के पिछले हिस्से की दीवार टूटी हुई है और तिजोरी का लॉक भी टूटा पड़ा है.
नगदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात गायब
दुकान की तलाशी लेने पर पता चला कि चोर काउंटर में रखे करीब 25 हजार रुपये नकद, लगभग दो किलोग्राम चांदी के आभूषण और करीब 10 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए. पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब सात लाख रुपये है.
डायल 112 की टीम ने की प्रारंभिक जांच
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दुकानदार को अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी. इसके बाद पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
दो दिन पहले भी हुई थी बड़ी चोरी
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही अमरपुर प्रखंड के रतनपुर मकदुमा पंचायत के गदाल गांव में भी अज्ञात चोरों ने पुलिस यादव के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. उस घटना में भी नगदी सहित लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई थी.
लगातार हो रही चोरी से लोगों में दहशत
क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
