वर्चस्व की लड़ाई में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला जठौर ककनियां गांव, तीन संदिग्ध हिरासत में, गांव में पुलिस तैनात

Banka Crime News : बांका जिले के जेठौर ककरिया गांव में देर रात वर्चस्व की लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते दो पक्षों में गोलीबारी हुई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.

Banka Crime News: बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के जेठौर ककरिया गांव में गुरुवार देर रात वर्चस्व की लड़ाई को लेकर दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. कई राउंड फायरिंग के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और सुरक्षा के मद्देनजर फ्लैग मार्च निकाला.

मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप

जानकारी के अनुसार, गुरुद्वार पंचायत के जेठौर ककरिया गांव में गुरुवार देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते यह विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया और दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग की गई. अचानक हुई गोलीबारी से पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए घरों में दुबक गए.

चार थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही बाराहाट, पंजवारा, बौंसी और रजौन थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और पूरे गांव में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

तीन संदिग्ध हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्य मिलने पर आगे गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी.

गोलीबारी में कोई हताहत नहीं

राहत की बात यह रही कि इस गोलीबारी की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस की लगातार मौजूदगी के कारण स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है.

क्या बोले थानाध्यक्ष

बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई. तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार झा

अजय कुमार झा प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बाराहाट (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >