''शिक्षा व संस्कार साथ-साथ चलेंगे, तो समाज में आयेगा सकारात्मक बदलाव''

Banka News : बौसी के एक छोटे से गांव में शिक्षा और संस्कार को लेकर ऐसा संदेश दिया गया, जिसने ग्रामीणों को भावुक भी किया और प्रेरित भी. बच्चों के बेहतर भविष्य को लेकर आयोजित कार्यक्रम में समाज और संस्कृति की अनोखी झलक देखने को मिली.

बौसी( बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट : बौंसी प्रखंड की बिसनपुर सांगा पंचायत स्थित वार्ड संख्या-3 में संचालित अंग संस्कारशाला का दीक्षांत समारोह गुरुवार को उत्साह और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक चेतना को केंद्र में रखकर प्रेरणादायक विचार साझा किए गए. समारोह में ग्रामीणों, अभिभावकों, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली.

शिक्षकों को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी एवं स्वतंत्र चिंतक जेबियर झा और मुरली मनोहर मंजु ने संस्कारशाला से जुड़े शिक्षकों को वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. समारोह में हरिमोहन सर, जिनेन्द्र कुमार, राकेश कुमार, कुंदन कुमार, मनीष कुमार, संजय मंडल और अभिनव कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

“सिर्फ पढ़ाई नहीं, संस्कार भी जरूरी”

अपने संबोधन में जेबियर झा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए. बच्चों में नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का विकास भी उतना ही आवश्यक है. उन्होंने कहा कि जब शिक्षा और संस्कार साथ चलते हैं, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव संभव होता है.

ग्रामीण समाज के लिए प्रेरणादायक पहल

संस्कारशाला के अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा समाज को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने इसे सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि शिक्षित और संस्कारित पीढ़ी ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकती है.

पर्यावरण और रोजगार पर भी हुई चर्चा

मुरली मनोहर मंजु ने कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन को लेकर भी महत्वपूर्ण बातें रखीं. उन्होंने कहा कि घर और गांव से निकलने वाले अनुपयोगी सामान से आकर्षक कलाकृतियां तैयार कर रोजगार के अवसर भी बढ़ाए जा सकते हैं.

ग्रामीणों ने की पहल की सराहना

समारोह के अंत में अभिभावकों और महिलाओं ने अंग संस्कारशाला की पहल की जमकर सराहना की. लोगों ने कहा कि आज के समय में बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देना बेहद जरूरी हो गया है. यह कार्यक्रम ग्रामीण समाज में शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक संदेश देकर संपन्न हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >