शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र के रामचुआ पंचायत के लखनपुर गोयड़ा में खेती-किसानी के लिये कराई जा रही डांड (सिंचाई नाला) की खोदाई से सड़क किनारे पीएचईडी विभाग के द्वारा लगी चापानल पर खतरा मंडराने लगा हैं. इससे ग्रामीणों की पेयजल कि समस्या को लेकर चिंता बढ़ गई हैं. ग्रामीण सोनू कुमार, बिट्टू कुमार, प्रेमरंजन तिवारी सहित अन्य लोगों ने बताया कि लखनपुर गोयड़ा मौजा में बदुआ नदी पर बने चेक डैम के बाद खेतों तक पानी पहुंचाने की पहल की जा रही हैं. लेकिन संवेदक द्वारा निर्धारित जमीन छोड़कर तेलडीहा मुख्य सड़क के किनारे ही डांड की खोदाई कर दी गयी. इस लापरवाही के कारण पहले से सड़क किनारे पीएचईडी विभाग से लगी चापानल टूटने के कगार पर है.
बारिश के कारण धंस रही मिट्टी
पिछले एक सप्ताह से रुक-रुक कर वर्षा से डांड में पानी आ गया. साथ ही बांध का मिट्टी धंस जाने से चापानल का दो तिहाई हिस्सा जमींदोज हो गया हैं. आलम यह है कि चापानल कभी भी डांड में समा सकता हैं. ग्रामीणों ने बताया कि एक तो पहले से वार्ड 2 का जलमीनार खराब हैं. इस चापानल से करीब सैकडों घरों की प्यास बुझती हैं. विभाग और संवेदक के कारनामे से हम ग्रामीणों का काफी परेशानी बढ़ गई हैं. ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गलत तरीके से डांड खोदाई से बिजली पोल और तार गिरने का खतरा हैं. शिकायत करने के वाबजूद भी जिम्मेदारों पर कोई असर नहीं हैं. जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता हैं. ।ग्रामीणों ने मामले की शिकायत डीएम से करने की बात कही की हैं. इस संबंध में पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता सुबोध कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिली हैं. चापानल के समीप मिट्टी खोदाई से यह परेशानी हुईं हैं. इस संबंध में विभाग के वरीय पदाधिकारी को सूचना दी जायेगी.