शंभुगंज. थाना क्षेत्र में साइबर अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला शोभनाथपुर गांव का है, जहां साइबर अपराधियों ने एक महिला के बैंक खाते से अवैध तरीके से चार हजार रुपये की निकासी कर ली. घटना के बाद पीड़िता ने थाना में शिकायत देकर कार्रवाई करते हुए राशि वापस दिलाने की मांग की है. जानकारी के अनुसार शोभनाथपुर गांव निवासी लक्ष्मी देवी, पति देवन दास का बचत खाता यूको बैंक की कसबा शाखा में संचालित है. पीड़िता ने बताया कि अचानक उनके मोबाइल पर खाते से रुपये निकासी का मैसेज आया. मैसेज देखकर वह घबरा गईं और तुरंत यूको बैंक शाखा कसबा पहुंचकर खाते की जानकारी प्राप्त की. बैंक से खाता विवरण निकलवाने पर पता चला कि साइबर अपराधियों द्वारा उनके खाते से चार हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई है. पीड़िता ने बताया कि न तो उनके मोबाइल पर कोई ओटीपी आया और न ही कोई लिंक भेजा गया, इसके बावजूद खाते से रुपये निकाल लिए गये. घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने शाखा प्रबंधक से शिकायत की. शाखा प्रबंधक के निर्देश पर लक्ष्मी देवी थाना पहुंचीं और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस से साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है. बताया जा रहा है कि साइबर अपराधियों द्वारा रुपये उड़ाने की यह पहली घटना नहीं है. क्षेत्र के यूको बैंक कसबा एवं यूको बैंक शंभुगंज से जुड़े करीब पांच दर्जन से अधिक खाताधारकों के खातों से भी राशि निकाले जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. थाना पुलिस पदाधिकारी ने मामले को साइबर अपराध से जुड़ा बताते हुए पीड़िता को आगे की कार्रवाई के लिए साइबर थाना बांका भेज दिया.
साइबर अपराधियों ने महिला के खाते से उड़ाए चार हजार रुपये
बैंक से खाता विवरण निकलवाने पर पता चला कि साइबर अपराधियों द्वारा उनके खाते से चार हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई है. पीड़िता ने बताया कि न तो उनके मोबाइल पर कोई ओटीपी आया और न ही कोई लिंक भेजा गया, इसके बावजूद खाते से रुपये निकाल लिए गये.
