शंभुगंज. प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और उत्साह के साथ मनाया गया. शुक्रवार रात चांद का दीदार होते ही मुस्लिम समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गयी. शनिवार सुबह से ही विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह करीब सात बजे से नमाज का सिलसिला शुरू हुआ, इसमें मौलाना की अगुवाई में लोगों ने अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी. नमाज समाप्त होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी. क्षेत्र के बेलारी, चूटिया, कसबा और कमरडीह सहित अन्य मस्जिदों के आसपास सुबह से ही चहल-पहल देखी गयी. हालांकि, खराब मौसम ने त्योहार के उत्साह को कुछ हद तक प्रभावित किया, लेकिन इसके बावजूद लोगों में खुशी और उमंग बरकरार रही. बताया गया कि रमजान इस्लाम धर्म का सबसे पवित्र महीना होता है, जिसमें लोग पूरे 30 दिनों तक रोजा रखते हैं. चांद के दीदार के बाद ईद का त्योहार मनाया जाता है. इस दौरान लोग संयम, त्याग और सेवा की भावना अपनाते हुए जरूरतमंदों की मदद भी करते हैं. ईद के मौके पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. एसडीपीओ अमर विश्वास और थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. पुलिस जवान लगातार क्षेत्र में गश्त करते नजर आये. प्रशासन की मुस्तैदी के कारण पूरे प्रखंड में ईद का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.
शंभुगंज में आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ मना ईद-उल-फितर पर्व
प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और उत्साह के साथ मनाया गया.
