बेलहर सहयोग शिविर में पहुंचे डीएम-एसपी, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Belhar Sahayog Camp : बांका जिले के बेलहर में 'विकसित भारत, समृद्ध बिहार' अभियान के तहत पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं.

बेलहर बांका से अभय कुमार 'सोनू' की रिपोर्ट

Belhar Sahayog Camp : बांका जिले के बेलहर प्रखंड मुख्यालय पंचायत अंतर्गत घुठिया गांव में 'विकसित भारत, समृद्ध बिहार' अभियान के तहत मंगलवार को पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए.

सरकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर

सहयोग शिविर में लोगों को संबोधित करते डीएम व एसपी.

शिविर को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने कहा कि बेलहर जिला मुख्यालय से काफी दूर है, इसलिए 15 दिनों के भीतर दूसरी बार यहां आने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि सरकार की 'सबका सम्मान, जीवन आसान' नीति के तहत पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके गांव तक पहुंच सके.

सहयोग पोर्टल से भी कर सकते हैं आवेदन

जिलाधिकारी ने बताया कि जो लोग किसी कारणवश शिविर में नहीं पहुंच पाते हैं, उनके लिए सहयोग पोर्टल की सुविधा उपलब्ध है. इसके माध्यम से लोग अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं. प्रशासन समयबद्ध तरीके से इन आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करेगा.

फोन नहीं उठाने वाले अधिकारियों को दी चेतावनी

शिविर के दौरान डीएम ने विभिन्न विभागों के काउंटरों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएचईडी और बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों के फोन अवश्य उठाएं और उन्हें सही जानकारी दें. उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिससे छोटी समस्याएं भी जिला स्तर तक पहुंच जाती हैं. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि अधिकारी फोन नहीं उठाएंगे तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.

राजस्व विभाग की कार्यशैली पर जतायी नाराजगी

सहयोग शिविर में मौजूद ग्रामीण.

राजस्व विभाग में कार्यों को लेकर मिली शिकायतों पर जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी (सीओ) को फटकार लगाते हुए कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करें, अन्यथा विभागीय कार्रवाई की जाएगी. साथ ही बेलहर पंचायत को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ काम करने की अपील की.

एसपी ने भी दिया समय पर कार्रवाई का भरोसा

पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने भी ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सहयोग पोर्टल और शिविर में प्राप्त शिकायतों का समय पर निष्पादन किया जाएगा. इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक, बीडीओ कुमार सौरभ, सीओ शशिकांत शुक्ला, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा, बीपीआरओ अर्चना कुमारी, मुखिया मुन्नी देवी, सरपंच जूली देवी, पंचायत समिति सदस्य मंटू तांती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026 : कांवरियों के सफर को आरामदायक बनाने में जुटा प्रशासन, 55 किमी पथ पर तैयारियां तेज


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amit Kumar Sinh

Published by: Amit Kr Sinha

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >