गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ की जा रही सख्त कार्रवाई
बांका. जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर छापेमारी जारी है. इसको लेकर डीएम नवदीप शुक्ला स्वयं निगरानी कर रहे हैं. और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी वितरण केंद्रों पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की है. रसोई गैस की कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर पूरी तरह से रोक सुनिश्चित करने के लिए एसडीओ व थानाध्यक्षों द्वारा छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है. और दोषी पाये जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है.10 गैस एजेंसियों व 40 महत्वपूर्ण स्थलों पर की गयी छापेमारी
जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि रविवार को 10 गैस एजेंसियों एवं 40 महत्वपूर्ण स्थलों पर छापामारी की गयी है. और जहां कहीं भी समस्या पायी जा रही है. वहां त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है. वहीं डीएम के द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो. आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से प्राप्त शिकायतों को सूचीबद्ध कर त्वरित गति से उनका निष्पादन किया जा रहा है. जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि रविवार को कुल चार शिकायतें प्राप्त हुई, जिनका समाधान कर दिया गया है. कहा कि जिन्हें गैस से संबंधित किसी प्रकार की समस्या हो, वे समाहरणालय, बांका में स्थापित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06424-223001, 06424-223002 एवं 06424-223004 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जहां उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जायेगा.उपभोक्ताओं से अनावश्यक (पैनिक) बुकिंग से बचने की अपील
जिला आपूर्ति पदाधिकारी के द्वारा सभी उपभोक्ताओं से अपील की गयी है कि वे अनावश्यक (पैनिक) बुकिंग से बचें, और स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि गैस वितरण व्यवस्था सुचारू एवं संतुलित बनी रहे. उन्होंने बताया कि दो दिनों में करीब तीन हजार 444 उपभोक्ताओं के द्वारा गैस की बुकिंग करायी गयी. जिसके विरुद्ध पांच हजार 167 उपभोक्ताओं को गैस का सफलतापूर्वक वितरण किया गया है. साथ ही गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने के लिए सभी एजेंसियों एवं वितरकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वितरण कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाय. इसके अलावा व्यवसायिक एलपीजी सिलिंडर के वितरण को विभागीय मानकों एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुचारू बनी रहे. कहा कि वर्तमान में जिले में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति एवं स्टॉक की स्थिति सामान्य है, जिससे आम जनता को ईंधन संबंधी किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ रहा है.जिले में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) आपूर्ति का भी कार्य त्वरित गति से किया जा रहा है, जिसमें अबतक करीब तीन हजार 200 घरों में कनेक्शन प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. डीकम्प्रेशन यूनिट के निर्माण पूर्ण होते ही गैस आपूर्ति प्रारंभ कर दी जायेगी, जिससे स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सुनिश्चित होगा.
