बांका. जिला सहकारिता पदाधिकारी जैनुल आब्दीन अंसारी ने जिले के 21 डिफॉल्टर पैक्सों के पूर्व अध्यक्षों, प्रबंधकों व प्रबंधकारिणी समिति के सदस्यों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का निर्देश जारी किया है. इस संबंध में जारी पत्र के माध्यम से संबंधित पैक्सों के अध्यक्षों एवं प्रबंधकों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.
दोषी सदस्यों का नाम सदस्यता सूची से हटाने का निर्देश
जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा जारी निर्देश में कहा गया कि जिले के कुल 21 पैक्स वर्ष 2013 से 2025 तक धान व गेहूं खरीद कार्यों में डिफॉल्टर घोषित हो चुके हैं. इन समितियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा चुकी है. साथ ही संबंधित पैक्स पदाधिकारियों के विरुद्ध नीलाम पत्र, अधिभार वाद तथा निर्णय वाद की प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है. विभागीय जानकारी के मुताबिक, इन डिफॉल्टर पैक्सों के पूर्व अध्यक्षों, प्रबंधकों एवं प्रबंधकारिणी समिति के सदस्यों द्वारा अपनी समितियों को भारी आर्थिक क्षति पहुंचाई गयी है. पैक्स उपविधि की धारा-12 के अनुसार ऐसे सदस्य, जिनके कार्यों से समिति की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई हो अथवा संस्था की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा हो, उन्हें सदस्यता से निलंबित अथवा निष्कासित किया जा सकता है. डीसीओ ने संबंधित पैक्सों को निर्देश दिया है कि वे अपनी प्रबंधकारिणी समिति की बैठक आयोजित कर दोषी पूर्व अध्यक्षों, प्रबंधकों एवं प्रबंधकारिणी समिति के सदस्यों का नाम सदस्यता सूची से हटाने की कार्रवाई करें. साथ ही की गयी कार्रवाई की प्रतिवेदन जिला सहकारिता कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें.
इन पैक्सों को जारी किया गया है निर्देश
कटोरिया : जामदाहा, कोल्हासार, बड़वासनीचांदन : पश्चिमी कटसकरा, चांदन, दक्षिणी कस्बा वसीला
शंभूगंज : बिरनौधा, चुटिया बेलारी, करसोप, पड़रियाबाराहाट : ओरिया, पथरा
फुल्लीडुमर : कैथारजौन : संझा श्यामपुर, पदमपुर हरचंडी, मझगांय डरपा, नवादा खरौनी
बांका : छत्रपाल, करमाधोरैया : अहीरो, चलना
डिफॉल्टर पैक्स के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य के संबंध में कार्रवाई का निर्देश दिया गया है. साथी इस संबंध में अन्य कार्रवाई की जा रही है.