शंभुगंज में साइबर ठग गिरोह सक्रिय, महिलाओं से पुलिस और पेंशन के नाम पर मांगी जा रही रकम

Cyber Fraud Alert : शंभुगंज में साइबर ठग पुलिस अधिकारी, पेंशन कर्मी और विभागीय कर्मचारी बनकर महिलाओं से पैसे मांग रहे हैं. पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी.

शंभुगंज (बांका) से ठाकुर बिनोद का रिपोर्ट

Cyber Fraud Alert: शंभुगंज थाना क्षेत्र में साइबर ठग गिरोह की सक्रियता बढ़ती जा रही है. ठग नए-नए तरीके अपनाकर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं. शुक्रवार को साइबर ठगी के प्रयास से परेशान कई महिलाएं शिकायत लेकर शंभुगंज थाना पहुंचीं, जहां पुलिस ने उन्हें जागरूक करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी.

थाने के बड़े बाबू बनकर मांगे पांच हजार रुपये

करसोप गांव की महिला बेबी देवी ने बताया कि चार दिन पहले दर्ज एक मामले को लेकर उन्हें अलग-अलग मोबाइल नंबरों से तीन बार फोन किया गया.

फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को थाने का बड़ा बाबू बताते हुए कहा कि यदि विपक्षी की गिरफ्तारी करानी है तो पांच हजार रुपये जमा करने होंगे. महिला को बातचीत संदिग्ध लगी, जिसके बाद वह सीधे थाना पहुंच गईं. थाने में पूछताछ के दौरान साइबर ठगी के प्रयास का खुलासा हुआ.

Cyber Fraud Alert : पोषाहार वितरण के नाम पर भी मांगी गई राशि

आंगनबाड़ी सेविका विनिता सिंह ने बताया कि उन्हें भी अलग-अलग नंबरों से दो बार फोन किया गया.

फोन करने वालों ने पोषाहार वितरण से जुड़ी प्रक्रिया का हवाला देते हुए उनसे रुपये जमा करने की मांग की. हालांकि समय रहते सतर्कता बरतने के कारण वह ठगी का शिकार होने से बच गईं.

पेंशन भेजने के नाम पर मांगे गए पैसे

एक अन्य महिला कौशल्या देवी ने बताया कि उन्हें फोन कर पेंशन की राशि भेजने का भरोसा दिया गया और इसके बदले एक हजार रुपये जमा करने को कहा गया.

महिला को संदेह होने पर उन्होंने कोई भुगतान नहीं किया और इसकी जानकारी पुलिस को दी.

पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक

इस मामले में राज कुमार प्रसाद ने महिलाओं को साइबर अपराधियों के तौर-तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि एफआईआर से जुड़ी कई जानकारियां ऑनलाइन उपलब्ध रहती हैं, जिनका इस्तेमाल ठग लोगों का मोबाइल नंबर हासिल करने और उन्हें झांसे में लेने के लिए करते हैं.

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता संख्या, आधार नंबर, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें.

साथ ही किसी भी सरकारी योजना, गिरफ्तारी, पेंशन या लाभ दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले कॉल पर भरोसा नहीं करें और संदेह होने पर तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें.

ये भी पढ़ें : कांवरियों की यात्रा बनेगी आसान, हर कदम पर मिलेगी सुविधा, पीएचइडी ने तेज की तैयारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >