चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट : बांका जिले के चांदन प्रखंड क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. सघन छापेमारी अभियान के दौरान छह लोगों को अवैध तरीके से बिजली उपयोग करते रंगे हाथ पकड़ा गया. सभी आरोपियों के खिलाफ चांदन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. साथ ही विभाग ने आर्थिक जुर्माना भी लगाया है.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता के निर्देश पर की गई. बियाही मोड़ पावर स्टेशन के कनीय अभियंता विकास कुमार के नेतृत्व में गरीबसार, बिहारो और खीरवाकोला गांवों में छापेमारी अभियान चलाया गया.
मीटर बायपास और टोंका लगाकर हो रही थी चोरी
छापेमारी के दौरान कई लोगों को मीटर बायपास कर तथा बिना वैध कनेक्शन के टोंका लगाकर बिजली उपयोग करते पकड़ा गया. विभागीय टीम ने मौके पर ही जांच कर बिजली चोरी की पुष्टि की.इन लोगों पर लगाया गया जुर्माना
विद्युत ऊर्जा की क्षतिपूर्ति को लेकर विभाग ने अलग-अलग आरोपियों पर आर्थिक दंड लगाया है. गरीबसार गांव निवासी जनार्दन मोहनी पर 5,046 रुपये, कमत मांझी पर 5,712 रुपये, बिहारो गांव निवासी तुलसी यादव पर 11,406 रुपये, कल्पना देवी पर 3,496 रुपये, खीरवाकोला गांव निवासी मनोज कुमार यादव पर 25,614 रुपये तथा बच्चू टुडु पर 3,826 रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
बकाया राशि जमा करने का भी निर्देश
विभाग ने सभी आरोपियों को जुर्माने के अलावा बकाया बिजली बिल की राशि भी जमा करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी बिजली चोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.विद्युत अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
चांदन थाना में कांड संख्या 58/26 के तहत सभी आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. छापेमारी अभियान में टेक्निशियन प्रभात कुमार, राहुल कुमार तथा मानव बल विशेश्वर यादव और दिनेश यादव भी शामिल रहे.
