बाराहाट. क्षेत्र के भेड़ामोड़ चौक स्थित पंजवारा–गोड्डा मुख्य मार्ग पर बुधवार की देर शाम एक वाहन की ठोकर से बाइक सवार कुंदन कुमार की मौत हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुंदन कुमार, (27) पिता दीप नारायण साह बाइक से पंजवारा की ओर जा रहे थे. बताया जाता है कि कुंदन कुमार उक्त चौक स्थित एक मिठाई की दुकान में कार्यरत थे. इसी सिलसिले में वे राजघाट स्थित मिठाई दुकान के वर्कशॉप में काम के लिए जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक वाहन से उनकी टक्कर हो गयी, जिसमें वे गंभीर रूप से जख्मी हो गये. जख्मी अवस्था में पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद पूरे बाजार में शोक की लहर
घटना के बाद मृतक के घर बाराहाट आजाद नगर में होली की खुशियां मातम में बदल गयी. घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों के आक्रोश को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और रात भर कई दौर की बातचीत चलती रही. इस बीच परिजनों ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए थाना में आवेदन दिया. बाजार के अमित कुमार साह, पंचायत के सरपंच विभाष कुमार सिंह व मुखिया प्रतिनिधि कार्तिक कुमार ने थाना पहुंचकर पीड़ित पक्ष और प्रशासन के बीच मध्यस्थता की, तब जाकर मामला शांत हुआ. अज्ञात वाहन के विरुद्ध आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज की गयी. दूसरी ओर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया. थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
