बकाया बिजली बिल वालों की खैर नहीं, बिहार में 1 लाख उपभोक्ताओं की कभी भी कट सकती है बिजली

Bihar Bijli News: बिहार में बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई तेज हो गई है. 5 हजार रुपये या उससे अधिक बकाया होने पर कनेक्शन काटे जा सकते हैं. बांका और अमरपुर डिवीजन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है.

Bihar Bijli News: बिहार में बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है. विभाग ने साफ कर दिया है कि 5 हजार रुपये या उससे अधिक बकाया रखने वालों का कनेक्शन कभी भी काटा जा सकता है. इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो मार्च तक जारी रहेगा.

बांका और अमरपुर डिवीजन में तैयार हुई सूची

अभियान का फोकस बांका और अमरपुर डिवीजन पर है. दोनों जगह बकायेदारों की सूची तैयार कर ली गई है. अधिकारियों के अनुसार जिले में करीब एक लाख उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन पर बिजली बिल बकाया है. इनमें 50-50 हजार उपभोक्ता दोनों डिवीजन में शामिल हैं.

मैदान में 20 टीमें

बांका डिवीजन में 20 विशेष टीमों का गठन किया गया है. हर टीम को रोजाना का लक्ष्य दिया गया है. कनीय अभियंता की निगरानी में टीमें घर-घर जाकर कार्रवाई करेंगी. एसडीओ और कार्यपालक अभियंता रोज मॉनिटरिंग कर रहे हैं. लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

इन इलाकों में चलेगा अभियान

बांका नगर परिषद, बौंसी, बाराहाट और कटोरिया क्षेत्र बांका डिवीजन में आते हैं. वहीं अमरपुर नगर पंचायत, रजौन और धोरैया क्षेत्र अमरपुर डिवीजन में शामिल हैं. दोनों डिवीजन में मिलाकर करीब चार लाख उपभोक्ता हैं.

दूसरे नाम पर नया कनेक्शन लेने का खेल

विभाग के मुताबिक कई लोग ज्यादा बकाया होने पर दूसरे के नाम से नया कनेक्शन ले रहे हैं. पुराने कनेक्शन का बिल लंबित है, लेकिन बिजली का उपयोग जारी है. ऐसे मामलों की भी जांच की जा रही है. टीमें पहले उपभोक्ताओं से बकाया जमा करने का अनुरोध करेंगी. भुगतान नहीं होने पर सीधे कनेक्शन काट दिया जाएगा.

गर्मी से पहले मेंटेनेंस पर जोर

विभाग ने गर्मी से पहले मेंटेनेंस कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है. कार्यपालक अभियंता कुमार सौरभ ने कहा कि जर्जर तार बदले जाएंगे. पेड़ों की डालियों की कटाई भी होगी. उद्देश्य है कि गर्मी में शहरी और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित न हो.

Also Read: तेज प्रताप-ऐश्वर्या तलाक केस में फिर नाकाम रही सुलह, 17 मार्च को अगली सुनवाई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >