Jan Sunwai: बाराहाट प्रखंड कार्यालय में सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में "सबका सम्मान, जीवन आसान" योजना के तहत जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया. शिविर में विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर कुल पांच फरियादी पहुंचे. बीडीओ ने सभी आवेदनों की बारी-बारी से सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों पर बीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
जरूरतमंदों को प्राथमिकता देने का निर्देश
बीडीओ गोपाल कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों, विशेषकर जरूरतमंदों और पीड़ित महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
हर सोमवार लगता है जनसुनवाई शिविर
उन्होंने बताया कि "सबका सम्मान, जीवन आसान" कार्यक्रम के तहत प्रत्येक सोमवार को प्रखंड कार्यालय में नियमित रूप से जनसुनवाई शिविर आयोजित किया जाता है. इस दौरान आने वाले सभी फरियादियों की समस्याएं सुनकर उनके स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाती है.
सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
Jan Sunwai: बीडीओ ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों को त्वरित न्याय दिलाने के साथ-साथ सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना भी है. उन्होंने आम लोगों से अपनी समस्याएं सीधे जनसुनवाई शिविर में रखने की अपील की.
