बारिश में बौंसी का डैम रोड बना मुसीबत का रास्ता, गड्ढों और जलजमाव से बढ़ी परेशानी

बौंसी में बारिश के कारण डैम रोड का हाल बेहाल है. मुख्य सड़क पर बने गहरे गड्ढे और जलजमाव ने लोगों का चलना मुश्किल कर दिया है. पीएचईडी द्वारा सड़क काटने के बाद मरम्मत न होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है.

बौंसी (बांका). क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण बौंसी बाजार स्थित डैम रोड की हालत बेहद खराब हो गई है. मुख्य सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है. जलजमाव के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

पाइपलाइन के लिए काटी सड़क बनी हादसों की वजह

सबसे अधिक परेशानी मुख्य चौक के समीप है, जहां पेयजल आपूर्ति योजना के तहत पीएचईडी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क काटी गई थी. कार्य पूरा होने के बाद भी सड़क की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई. इससे वहां बड़ा गड्ढा बन गया है, जिसमें बारिश का पानी जमा रहने से हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

डैम रोड के कई अन्य हिस्सों में भी सड़क की पिचिंग उखड़ चुकी है. जलजमाव के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया, चारपहिया और टोटो चालकों को भारी परेशानी हो रही है.

कीचड़ और जलजमाव के बीच जोखिम भरा सफर

स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी से भरे गड्ढों में फंसकर कई बाइक और टोटो चालक गिर चुके हैं. इससे आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं. वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी घुटने भर पानी और कीचड़ के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है. मानसूनी बारिश के कारण हालात और खराब हो गए हैं, जिससे बाजार आने-जाने वाले ग्राहकों और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

सड़क की मरम्मत और जल निकासी की मांग

ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों ने जिला प्रशासन तथा संबंधित विभाग से डैम रोड की तत्काल मरम्मत कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से शीघ्र ठोस कार्रवाई कर आम जनता को राहत दिलाने की अपील की है.

ALSO READ : नितिन नवीन वाली सीट बांकीपुर से अभिषेक कुमार होंगे BJP उम्मीदवार, पार्टी ने किया नाम का ऐलान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ajeet Kumar

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >