उद्योग का हब बनेगा बांका, रुकेगा युवाओं का पलायन : डिप्टी सीएम

राज्य के आधारभूत संरचना, शिक्षा एवं रोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ बांका में बड़ा उद्योग लगाया जाएगा, ताकि जिले का उद्योग के रूप में एक नयी पहचान हो सके.

शंभुगंज. राज्य के आधारभूत संरचना, शिक्षा एवं रोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ बांका में बड़ा उद्योग लगाया जाएगा, ताकि जिले का उद्योग के रूप में एक नयी पहचान हो सके. उद्योग लगने से युवाओं का पलायन रुकेगा. हर हाथ में रोजगार होगा. उक्त बातें सूबे के डिप्टी सीएम समाट चौधरी ने शनिवार को शंभुगंज के रुतपैय गांव में आयोजित महारुद्र यज्ञ के उदघाटन के दौरान कहीं. उद्योग लगाने के लिए डीएम को जगह चिह्नित कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया. डिप्टी सीएम ने अजगैबीनाथ धाम में ग्लोबल ग्रीन फील्ड हवाई अड्डा बनाने की बात भी दोहराते हुए कहा कि हवाई मार्ग से देश और दुनिया के लोग भी श्रावणी मेला में शरीक होंगे. जिले को रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा, शंभुगंज स्थित मां तिलडीहा दुर्गा मंदिर के निकट से हल्दिया तक जाएगी. इस मार्ग से जिलेवासी महज 4-5 घंटे में कोलकाता जैसे महानगर पहुंच जाएंगे. इसकी रूप रेखा तैयार कर ली गयी है. वहीं सुलतानगंज से देवघर के लिए फोर लेन सड़क का निर्माण जल्द होगा. मंच संचालन आचार्य ओमप्रकाश ने किया. इस मौके पर पूर्व मंत्री सह अमरपुर विधायक जयंत राज, बेलहर विधायक मनोज यादव, पूर्व विधायक राजीव सिंह, डीएम नवदीप शुक्ला, एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा, डीडीसी उपेंद्र सिंह, एसडीएम राजकुमार, एसडीपीओ अमर विश्वास, भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश उर्फ विक्की मिश्रा, बीडीओ नीतीश कुमार, सीओ जुगनू रानी सहित अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे.

सुख, समृद्धि, एकता और जागरूकता का प्रतीक है महारुद्र यज्ञ

शंभुगंज के रुतपैय गांव में आयोजित भव्य नौ दिवसीय महारुद्र यज्ञ का डिप्टी सीएम ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण व पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया. मौके पर उन्होंने कहा कि यज्ञ सुख, समृद्धि, एकता और जागरूकता का प्रतीक है. यज्ञ से समाज में सकारात्मक उर्जा का संचार होता है और नकारात्मक एवं विपत्तियों का नाश होता है और क्षेत्र में सुख, शांति व समृद्धि होती हैं. राजा, महाराजा, ऋषि, मुनि शांति और समृद्धि के लिए यज्ञ करते आ रहे हैं. इस तरह के आयोजन से सामाजिक एकता और सदभाव बढ़ता है. आने वाली पीढ़ियों को नैतिक मूल्यों की सीख मिलती है.

पूर्व मंत्री सह अमरपुर विधायक जयंत राज ने कहा कि क्षेत्र के विकास में डिप्टी सीएम का अहम योगदान हैं. धौरेया-असरगंज सड़क का चौड़ीकरण सहित अन्य बड़े कामों में उप मुख्यमंत्री का हाथ हैं. साथ ही विकास की कई अन्य योजनाओं की आधारशिला रखी गयी है. वहीं बेलहर विधायक मनोज यादव ने डिप्टी सीएम का अभिवादन करते उन्हें अपना राजनीतिक गुरु बताया. कहा कि 20 गत वर्षों से क्षेत्र की सेवा से जुड़ा हुआ हूं. यह अवसर डिप्टी सीएम के द्वारा ही मुझे प्राप्त हुआ है. बाद में सभी यज्ञ मंडप पहुंचे. जहां आचार्य ओम प्रकाश सहित अन्य विद्वान पंडितों ने विधिवत पूजा अर्चना कराया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >