5 अगस्त से पहले बौंसी बाजार में तिरंगे की धूम, बच्चों के बीच ‘तिरंगा पंखी’ की सबसे ज्यादा मांग

स्वतंत्रता दिवस 2026 के नज़दीक आते ही बांका के बौंसी बाज़ार में देशभक्ति का माहौल छा गया है. इस बार 'तिरंगा पंखी' बच्चों के बीच ख़ास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. बाजार में तिरंगे झंडे, बैज, टोपी और अन्य सजावटी सामग्री की जोरदार मांग है.

Banka News: स्वतंत्रता दिवस 2026 से पहले बांका जिले का बौंसी बाजार पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया है. बाजार की गलियों, प्रमुख चौक-चौराहों और दुकानों पर तिरंगे की छटा देखते ही बन रही है. 15 अगस्त को लेकर सरकारी और निजी संस्थानों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं, जबकि बाजार में तिरंगा झंडा, बैज, टोपी, दुपट्टा, चूड़ियां और सजावटी सामग्री खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है. खास बात यह है कि इस बार बाजार में पहली बार आया ‘पंखा झंडा’ (तिरंगा पंखी) बच्चों और युवाओं के बीच सबसे बड़ा आकर्षण बन गया है.

डेम रोड पर सुबह से उमड़ रही खरीदारों की भीड़

बौंसी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र डेम रोड पर गुरुवार सुबह से ही तिरंगा सामग्री बेचने वाली दुकानों पर खरीदारों की लंबी कतारें देखने को मिलीं.

दुकानों में कपड़े और कागज के तिरंगे, तिरंगा बैज, टोपी, रबर बैंड, तिरंगा दुपट्टा, गमछा, अबीर और चूड़ियां उपलब्ध हैं. स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर स्कूलों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय संस्थानों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में खरीदारी करने पहुंचे.

बच्चों में सबसे ज्यादा उत्साह

बाजार में सबसे अधिक उत्साह स्कूली बच्चों के बीच देखा जा रहा है.

अभिभावक अपने बच्चों के लिए छोटे तिरंगे, बैज और टोपी खरीद रहे हैं, जबकि कई बच्चे तिरंगे रंग की सजावटी सामग्री और रिबन भी पसंद कर रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों की तुलना में इस बार तिरंगा और उससे जुड़ी सामग्री की मांग काफी बढ़ गई है.

‘पंखा झंडा’ बना इस बार का नया आकर्षण

इस वर्ष बौंसी बाजार में पहली बार आया पंखा आकार का तिरंगा, जिसे स्थानीय लोग ‘तिरंगा पंखी’ कह रहे हैं, लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है.

विशेष रूप से बच्चों के बीच इसकी मांग सबसे अधिक है. दुकानदारों के अनुसार यह नया उत्पाद बाजार में आते ही तेजी से बिकने लगा है और स्वतंत्रता दिवस की खरीदारी में नया ट्रेंड बनकर उभरा है.

तिरंगे से लेकर बैज तक, जानिए क्या हैं कीमतें

बाजार में विभिन्न आकार और गुणवत्ता के तिरंगे उपलब्ध हैं.

कपड़े के तिरंगे 50 रुपये से 500 रुपये तक बिक रहे हैं, जबकि सामान्य झंडों की कीमत 10 रुपये से 150 रुपये के बीच है. बच्चों के तिरंगा बैज 5 रुपये से 25 रुपये तक उपलब्ध हैं. इसके अलावा तिरंगे रंग की चूड़ियां, दुपट्टे, गमछे और अन्य सजावटी सामग्री की भी अच्छी मांग है.

मिठाई दुकानों पर भी बढ़ी रौनक

स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए बौंसी की मिठाई दुकानों पर भी रौनक बढ़ गई है.

दुकानदारों ने बताया कि लड्डू और जलेबी की बुकिंग तेजी से हो रही है. स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों की ओर से भी मिठाइयों के लिए अग्रिम ऑर्डर दिए जा रहे हैं.

सरकारी और निजी संस्थानों में तैयारियां अंतिम चरण में

बाजार के साथ-साथ सरकारी और निजी कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं.

साफ-सफाई, रंग-रोगन, सजावट और ध्वजारोहण स्थलों को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है. कई प्रतिष्ठानों ने भी अपने परिसर को तिरंगे रंग की सजावटी सामग्री से सजाना शुरू कर दिया है.

Banka News: पूरे बौंसी क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल

15 अगस्त के जश्न को लेकर बौंसी नगर और आसपास के इलाकों में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है.

लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर है. यही वजह है कि बाजार में तिरंगे की खरीदारी के साथ-साथ देशभक्ति का उत्साह भी चरम पर है.

Also Read: 28 अगस्त की आधी रात से बंद होगा विक्रमशिला सेतु, 3 महीने ठप रहेगा परिचालन, 30 नवंबर से शुरू होगा स्थायी सफर

Also Read: बिहार के शिक्षा मंत्री बोले- पहले आएगा STET का रिजल्ट, TRE 4 भर्ती परीक्षा में STET पास कैंडिडेट ही बैठेंगे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >