बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट
Banka Heatwave Alert: बांका जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है और आम जनजीवन पर इसका सीधा असर दिखने लगा है. मंगलवार को सुबह से ही उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया. दोपहर होते-होते पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और गर्म हवाओं ने हालात को और कठिन बना दिया.
सड़कों पर सन्नाटा, घरों में कैद लोग
सुबह 10 बजे के बाद जैसे ही धूप तेज हुई, बाजार और सड़कें खाली होने लगीं. दोपहर 12 बजे तक स्थिति यह रही कि लोग घरों में पंखा, कूलर और एसी के सहारे राहत तलाशते दिखे. उमस और गर्म हवाओं के मेल ने लू जैसे हालात पैदा कर दिए हैं.
अगले तीन दिन नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले तीन दिनों तक तापमान में कोई खास गिरावट की उम्मीद नहीं है. बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई है. लगातार शुष्क मौसम और साफ आसमान के कारण गर्मी और बढ़ सकती है.
डॉक्टरों की चेतावनी
चिकित्सकों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. उनका कहना है कि गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीना जरूरी है और दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए. ओआरएस, नींबू पानी, नारियल पानी, तरबूज और खीरा जैसे फलों का सेवन शरीर को डिहाइड्रेशन से बचा सकता है.
हिटवेब का बढ़ता असर
बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर और मौसम विभाग के अनुसार 3 से 7 जून तक दक्षिण बिहार में मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान लू जैसी स्थिति बनने की पूरी संभावना है. अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम 27 से 29 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.
Also Read: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, गार्ड घायल; प्रतिद्वंद्वी संस्थान पर जताया शक
