जर्जर तार व ट्रांसफार्मर की समस्या पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

Banka Electricity Crisis: धोरैया के रब्बीडीह गांव में बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. जर्जर तार और बार-बार जल रहे ट्रांसफार्मर से परेशान लोगों ने पूर्व राजद प्रखंड अध्यक्ष पप्पू यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की.

धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट :

बांका जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत करहरिया पंचायत के रब्बीडीह गांव में बिजली व्यवस्था की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. जर्जर विद्युत तार बदलने और दूसरा ट्रासफॉर्मर लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व राजद प्रखंड अध्यक्ष पप्पू यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी. ग्रामीणों का कहना है कि रब्बीडीह गांव की करीब 4 हजार आबादी केवल एक 100 केवीए ट्रासफॉर्मर पर निर्भर है. अधिक लोड के कारण ट्रासफॉर्मर बार-बार जल जाता है, जिससे पूरे इलाके में बिजली और पानी का संकट खड़ा हो जाता है.

बार-बार जलता है ट्रासफॉर्मर

ग्रामीणों ने बताया कि ट्रासफॉर्मर खराब होने के बाद विभाग को उसे बदलने में कई दिन लग जाते हैं. इस दौरान लोगों को भीषण गर्मी में बिना बिजली और पानी के रहना पड़ता है. गांव के लोगों का कहना है कि समस्या वर्षों पुरानी है, लेकिन विभाग अब तक स्थायी समाधान नहीं कर सका है. रब्बीडीह के साथ-साथ बैजनाथपुर, मलियाचक और करहरिया गांवों में भी जर्जर विद्युत तार लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं. ग्रामीणों के अनुसार कई जगहों पर तार इतने पुराने हो चुके हैं कि उनमें से चिंगारी निकलती रहती है.

कई बार लगायी गयी गुहार, लेकिन कार्रवाई नहीं

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और अधीक्षण अभियंता से शिकायत की गई. हर बार जल्द दूसरा ट्रासफॉर्मर लगाने और जर्जर तार बदलने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर तारों के कारण कई बार हादसे हो चुके हैं और लोगों के साथ मवेशियों की जान भी खतरे में पड़ चुकी है. इसके बावजूद विभाग की उदासीनता जारी है.

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

पूर्व राजद प्रखंड अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण सड़क जाम और विभागीय कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे. उन्होंने बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >