Banka News: बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में ऑटो की सीट को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. हसनपुर हटिया के समीप शनिवार सुबह हुई मारपीट में दो युवक घायल हो गए. दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया.
घायलों की पहचान डटवाटी गांव निवासी मोहम्मद जावेद खान और मोहम्मद परवेज खान के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा.
सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद
अस्पताल में इलाजरत मोहम्मद जावेद खान ने बताया कि वह शनिवार सुबह अपने साढ़ू मोहम्मद परवेज खान के साथ भागलपुर से ऑटो में सवार होकर अमरपुर लौट रहे थे.
उनके अनुसार हसनपुर हटिया के पास परवेज खान कुछ सामान खरीदने के लिए ऑटो से उतरकर दुकान पर चले गए. जब वे वापस लौटे तो देखा कि उनकी सीट पर हसनपुर गांव निवासी मोहम्मद कुल्लो बैठा हुआ है.
गाली-गलौज के बाद हुई मारपीट
जावेद खान के अनुसार जब परवेज खान ने सीट खाली करने के लिए कहा तो आरोपित गाली-गलौज करने लगा. विरोध करने पर मोहम्मद कुल्लो, मोहम्मद पोकीम और उनके अन्य परिजनों ने मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया.
मारपीट में पहले परवेज खान घायल हुए. बीच-बचाव करने पहुंचे जावेद खान को भी कथित रूप से पीटकर घायल कर दिया गया.
अस्पताल में कराया गया उपचार
घटना के बाद दोनों घायलों को अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया. वहां डॉ. अपूर्व अमन सिंह ने उनका प्राथमिक उपचार किया.
अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
Banka News: थाने में दिया गया आवेदन
घायल पक्ष ने घटना को लेकर अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
