अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट : बांका जिले के अमरपुर शहर स्थित बस स्टैंड चौक के पास आईडीएफसी फर्स्ट बैंक शाखा परिसर से दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना सामने आई है. बदमाश बैंक कर्मी की बाइक लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है.
बैंक में ड्यूटी कर रहे कर्मी की उड़ी बाइक
जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीगंज महेशपुर निवासी सुबोध कुमार मंडल अमरपुर स्थित आईडीएफसी फर्स्ट बैंक शाखा में जीसीएम पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने बताया कि प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी अपनी बाइक बैंक शाखा के नीचे खड़ी कर अंदर काम करने चले गए थे.
अमरपुर थाने में दर्ज करायी प्राथमिकी
कुछ देर बाद जब वे बाहर निकले तो बाइक अपनी जगह से गायब मिली. पहले उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद उन्हें चोरी की आशंका हुई और तुरंत अमरपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.लगातार बढ़ रहीं चोरी की घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमरपुर क्षेत्र में इन दिनों चोर गिरोह काफी सक्रिय हो गया है. बाजार, बैंक परिसर और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं. दिनदहाड़े बैंक परिसर से बाइक चोरी होने के बाद लोगों में दहशत का माहौल है.
