अमरपुर की बिजली समस्या पर बड़ी पहल, बांका फीडर से हटकर जगदीशपुर से जुड़ा अमरपुर फीडर

लंबे समय से बिजली की आंख-मिचौली से परेशान अमरपुर को बड़ी राहत मिली है. विधायक जयंत राज की पहल पर अमरपुर फीडर को अब भागलपुर के जगदीशपुर फीडर से जोड़ा गया है. इस बदलाव से क्षेत्र में निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति की उम्मीदें बढ़ गई हैं.

Amarpur Electricity Update: अमरपुर (बांका). लंबे समय से बिजली की आंख-मिचौली और अनियमित आपूर्ति से परेशान अमरपुर प्रखंड के लोगों के लिए राहत की खबर है. स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री जयंत राज की पहल के बाद बिजली विभाग ने अमरपुर फीडर को बांका फीडर से हटाकर भागलपुर जिले के जगदीशपुर फीडर से जोड़ दिया है. शनिवार को फीडर का कनेक्शन बदलने के बाद क्षेत्र में बेहतर और नियमित बिजली आपूर्ति की उम्मीद बढ़ गई है. बिजली विभाग के अनुसार नए फीडर को फिलहाल 15 दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा.

बांका फीडर से बार-बार बाधित होती थी बिजली आपूर्ति

पूर्व में अमरपुर फीडर को बांका फीडर से बिजली की आपूर्ति होती थी. तकनीकी खराबी, फॉल्ट और अन्य कारणों से आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती थी. भीषण गर्मी और उमस के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती थी. इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ दुकानदारों, किसानों और छोटे व्यवसायियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था.

विधायक ने मुख्यमंत्री के सामने उठाया था मामला

अमरपुर में लगातार बिजली कटौती की शिकायत मिलने के बाद विधायक जयंत राज ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया था. विधायक ने अमरपुर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी. मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

जगदीशपुर फीडर से जुड़ने के बाद बढ़ी उम्मीद

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शनिवार को अमरपुर फीडर को भागलपुर जिले के जगदीशपुर फीडर से जोड़ दिया गया. फीडर बदलने के बाद प्रखंडवासियों में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से तकनीकी खराबी और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या में कमी आएगी.

15 दिनों तक निगरानी में रहेगा नया फीडर

बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रकाश झा ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर अमरपुर फीडर को जगदीशपुर फीडर से जोड़ दिया गया है. उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था को फिलहाल करीब 15 दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा. इस दौरान किसी प्रकार की तकनीकी खराबी या फॉल्ट सामने आने पर उसे तत्काल दूर करने की कार्रवाई की जाएगी.

'अमरपुर में निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता'

विधायक जयंत राज ने दूरभाष पर बताया कि अमरपुर की बिजली समस्या लंबे समय से गंभीर बनी हुई थी. लगातार बिजली कटौती और तकनीकी खराबी के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद त्वरित कार्रवाई हुई और अमरपुर फीडर को जगदीशपुर से जोड़ा गया है. उन्होंने कहा कि अमरपुरवासियों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. यदि नई व्यवस्था में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो विभागीय अधिकारियों के सहयोग से उसका तत्काल समाधान कराया जाएगा.

बिजली विभाग से लगातार निगरानी की अपील

विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों से नए फीडर की लगातार निगरानी करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था का उद्देश्य केवल फीडर बदलना नहीं, बल्कि अमरपुर क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या का स्थायी समाधान तलाशना है.

जनता की परेशानी का परिणाम बताया सकारात्मक

Amarpur Electricity Update: युवा जदयू के जिला उपाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने कहा कि अमरपुर में बिजली की समस्या को लेकर लोगों में काफी आक्रोश था. विधायक जयंत राज ने जनता की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष मामला रखा, जिसके बाद अब सकारात्मक परिणाम सामने आया है. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिजली विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अमरपुर फीडर को जगदीशपुर से जोड़ना प्रखंडवासियों के लिए बड़ी राहत है. आने वाले दिनों में क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में व्यापक सुधार की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >