प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी का आरोप, बिना निर्माण राशि निकासी का मामला

प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी का आरोप, बिना निर्माण राशि निकासी का मामला

शंभुगंज. शंभुगंज प्रखंड क्षेत्र में मनरेगा योजना में गड़बड़ी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है. मामला प्रखंड क्षेत्र की मिर्जापुर पंचायत स्थित सोनडीहा गांव का है, जहां लाभुकों पर बिना मकान निर्माण कराए ही दूसरे के मकान को दिखाकर योजना की पूरी राशि निकासी करने का आरोप लगाया गया है. मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है तथा विभागीय कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं. ग्रामीण अशोक कुमार सिन्हा सहित अन्य लोगों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में गांव के विवेका यादव की पत्नी कंचन देवी एवं भिखारी यादव की पत्नी सत्यभामा देवी के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत हुई थी. दोनों लाभुकों का आवास आईडी क्रमशः 142218384 एवं 142218163 बताया गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों लाभुकों ने अब तक मकान निर्माण कार्य शुरू नहीं किया, बावजूद इसके योजना की पूरी राशि किश्तवार निकाल ली गई. बताया गया कि कुल एक लाख 20 हजार रुपये की राशि अलग-अलग किश्तों में निकाली गई, जबकि अंतिम किश्त का भुगतान भी चार अप्रैल 2026 को कर दिया गया. ग्रामीणों का आरोप है कि लाभुकों ने अपने पड़ोसी के बने हुए मकान को दिखाकर सरकारी पोर्टल पर सत्यापन कराया और राशि की निकासी कर ली. मामले में आवास सहायक मो. जावेद आलम सहित अन्य जिम्मेदार कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में कई स्तरों पर जांच एवं ऑनलाइन सत्यापन की प्रक्रिया होती है. इसके बावजूद इस प्रकार की गड़बड़ी सामने आना व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है. पीड़ित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी कर्मियों एवं लाभुकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई, तो सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार का खेल लगातार जारी रहेगा. इस संबंध में आवास सहायक मो. जावेद आलम ने बताया कि दोनों लाभुकों के नाम योजना आवंटित हुई थी तथा नियमानुसार राशि की निकासी की गई है. वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी नीतीश कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >