पारिवारिक कलह से परेशान महिला ने लगायी फांसी, हालत गंभीर होने पर देवघर रेफर

Banka News: बांका में घरेलू विवाद ने एक और परिवार को झकझोर दिया. कई दिनों से चल रही पारिवारिक कलह के बाद 50 वर्षीय महिला ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की. समय रहते परिजनों की नजर पड़ गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट :

बांका जिले के कटोरिया प्रखंड अंतर्गत भोंड़ीसीमर गांव में एक महिला ने पारिवारिक विवाद से तंग आकर आत्महत्या की कोशिश की. महिला को फंदे से उतारकर गंभीर हालत में कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया. घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घर में चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार, भोरसार-भेलवा पंचायत के भोंड़ीसीमर गांव निवासी विनोद यादव की पत्नी रोशनी देवी ने सोमवार को घर के कमरे में फांसी लगा ली. बताया जा रहा है कि घर में पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था, जिससे महिला मानसिक रूप से परेशान थी.घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत महिला को फंदे से नीचे उतारा. उस समय वह अचेत अवस्था में थी. आनन-फानन में उसे कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.

डॉक्टरों ने गंभीर हालत में किया देवघर रेफर

कटोरिया सीएचसी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने महिला का प्राथमिक उपचार किया. लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर रेफर कर दिया गया.अस्पताल में महिला की पुत्री मीना देवी, गोतनी गुड्डी देवी और अन्य परिजन पहुंचे. सभी का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजन महिला को इलाज के लिए देवघर लेकर रवाना हो गए.

एक दिन पहले भी हुआ था पति-पत्नी में विवाद

स्थानीय लोगों के मुताबिक रविवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. उस समय परिवार और ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था. लेकिन सोमवार को फिर विवाद बढ़ने के बाद महिला ने यह कदम उठा लिया.गांव के लोगों का कहना है कि घरेलू तनाव और मानसिक दबाव की वजह से ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि पारिवारिक विवाद की स्थिति में संवाद और समय पर काउंसलिंग बेहद जरूरी है.अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो परिवार, मित्रों या विशेषज्ञ से तुरंत मदद लें. समय पर बातचीत कई बड़ी घटनाओं को रोक सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >