बांका के बाराहाट में तेज रफ्तार हाइवा झोपड़ी में घुसा, परिवार ने भागकर बचायी जान

Banka News : बांका के बाराहाट-पंजवारा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक अनियंत्रित 16 चक्का हाईवा सड़क किनारे बनी झोपड़ी में जा घुसा. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में आ गये.

बाराहाट(बांका) से अजय कुमार झा कि रिपोर्ट: बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत लबोखर चौक के समीप शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. तेज रफ्तार सोलह चक्का हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक झोपड़ी में जा घुसा. घटना के समय झोपड़ी में मौजूद लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. हादसे के बाद कुछ देर तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार हाईवा काफी तेज गति में बाराहाट से पंजवारा की ओर जा रहा था. इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और भारी वाहन सीधे सड़क किनारे बनी झोपड़ी में घुस गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि झोपड़ी का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.

झोपड़ी में मौजूद थे परिवार के सदस्य

घटना के वक्त झोपड़ी में परिवार के सदस्य मौजूद थे. अचानक तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने बताया कि यदि उस समय सड़क पर भीड़ होती या कोई राहगीर वहां मौजूद रहता तो बड़ा हादसा हो सकता था.

हादसे के बाद मची अफरातफरी

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए बाराहाट-पंजवारा मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया.

वाहन छोड़ चालक फरार

इस दौरान हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर यातायात बहाल कराया.

चालक और मालिक की तलाश में जुटी पुलिस

बाराहाट थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी. दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया गया है और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वाहन मालिक और चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. मामले की जांच जारी है और आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

लोगों ने उठाये सुरक्षा पर सवाल

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य मार्ग पर सख्त निगरानी और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >