फाइनांस की सुविधा व कैश डिस्काउंट के कारण बिक्री का टूटा रिकॉर्ड
कटोरिया. कटोरिया बाजार के बाइक शोरूम में भी धनतेरस पर खूब धनवर्षा हुई. बाजार के पांच प्रमुख बाइक शोरूम से कुल 776 बाइक व दस टोटो यानि ई-रिक्शा की बिक्री हुई. शनिवार को सुबह 10 बजे के बाद से ही सभी शोरूम में मेले सा नजारा देखने को मिला. खरीदारी करने शोरूम पहुंचने वाले ग्राहकों का नास्ता, चाय व मिनरल वाटर से स्वागत हुआ. वहीं प्रत्येक बाइक की खरीदारी पर आकर्षक उपहार के साथ-साथ कैश डिस्काउंट भी दिए गए. फाइनांस की सुविधा व आकर्षक ऑफर का ग्राहकों ने खूब लाभ उठाया. आकर्षक ऑफर के कारण अन्य वर्षों की भांति इस वर्ष बाइक की रिकॉर्ड बिक्री हुई. धनतेरस पर वर्ष 2023 में 611 व वर्ष 2024 में रिकॉर्ड 658 बाइक की बिक्री हुई थी. राज हौंडा शोरूम के प्रोपराइटर अनिता कुमारी, योगेंद्र मंडल व रोहित कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि उनके शोरूम से कुल 310 बाइक की डिलीवरी शाम तक हुई. एडवांस बुकिंग की कुछ बाइक की डिलीवरी रविवार को भी की जाएगी. प्रत्येक बाइक की खरीदारी पर आकर्षक गिफ्ट व कैश डिस्काउंट का ऑफर भी दिया गया. हीरो बाइक शोरूम के प्रोपराइटर रवींद्र कुमार उर्फ टिंकू वर्णवाल ने बताया कि धनतेरस पर कुल 300 बाइक की डिलीवरी हुई है. टीवीएस शोरूम के प्रोपराइटर अमित कुमार साह ने बताया कि उनके शोरूम से कुल 76 बाइक की डिलीवरी हुई. वहीं बजाज शोरूम के प्रोपराइटर मनोज महाराज व योगेंद्र कुमार ने बताया कि धनतेरस पर कुल 70 बाइक की बिक्री हुई. वहीं केशरी इलेक्ट्रॉनिक बाइक शोरूम के प्रोपराइटर संतोष केशरी ने बताया कि 20 इलेक्ट्रॉनिक बाइक एवं नौ टोटो की डिलीवरी धनतेरस के शुभ अवसर पर हुई. वहीं इलेक्ट्रॉनिक सामानों की भी खूब बिक्री हुई.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
