बौसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई. भलजोर चेक पोस्ट के आगे सांझोतरी के समीप किया ट्रक जब्त
बौंसी. होली के पूर्व शराब माफिया सक्रिय हो गये है. झारखंड से सटे बांका जिला होने के कारण शराब माफिया बड़े पैमाने पर शराब की खेप सड़क मार्ग होते हुए जिला सहित अन्य जिलों में भेजने की तैयारी में जुट गये है. इसे लेकर तस्कर कभी गिट्टी लदे ट्रक, डेयरी वाहन तो कभी बालू व भूसा आदि वाहनों में छिपाकर शराब की तस्करी करते है. तस्करी की इस खेल में छोटी व बड़ी सभी प्रकार के वाहनों को उपयोग कर रहे है. हालांकि, बांका पुलिस व उत्पाद विभाग जिले से गुजरने वाले शराब की खेप को पकड़ने के लिए लगातार सक्रिय रहते है. इसी कड़ी में हाल के दिनों में पुलिस की तीन बड़ी कार्रवाई चर्चा में है. ताजा मामले में बुधवार को बौंसी पुलिस ने गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 10 चक्का ट्रक से करीब 3474 लीटर विदेशी शराब बरामद किया है. साथ ही वाहन चालक सह तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. बरामद शराब की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बतायी जा रही है. पुलिस ने झारखंड से आ रही शराब को भलजोर चेक पोस्ट के आगे सांझोतरी के समीप ट्रक जब्त किया. जिस ट्रक पर गिट्टी लदा हुआ था, जो भागलपुर नवगछिया जा रही थी. जब्त शराब रॉयल स्टेग कंपनी का है.एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी
एसडीपीओ बौंसी इंद्रजीत बैठा ने एक प्रेस वार्ता कर बताया कि एसपी को मिले गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राज रतन के नेतृत्व में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली और भारी मात्रा में शराब जब्त की गयी. मौके पर पुलिस ने ट्रक चालक नवादा जिला के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपरपांती गांव निवासी बलवीर यादव के पुत्र राजेश कुमार को गिरफ्तार किया है. इनके विरुद्ध थाना में मद्य निषेध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है. पुलिस शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है. जांच के दौरान जब वाहन को रोका गया और गिट्टी हटाकर तलाशी ली गयी, तो उसके नीचे भारी मात्रा में शराब बरामद हुई. गिरफ्तार चालक को आज जेल भेजा जायेगा. इस अभियान में पुअनि अनीश बिहारी, पवन कुमार, राकेश कुमार और सहायक पुअनि शंभू सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल शामिल थे.
10 दिन के अंदर बांका में करोड़ों की शराब हुई जब्त
भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग पर पुलिस की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है. इसमें करोड़ों रुपये मूल्य के शराब की खेप को पुलिस ने जब्त किया. गत 24 जनवरी को पुलिस ने जिले के रजौन व बाराहाट थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग ट्रकों 18 हजार 552 लीटर शराब जब्त किया था. बाराहाट में 10 हजार 372 लीटर व रजौन में 8 हजार 179 लीटर शराब बरामद करते हुए दोनों वाहन को जब्त कर लिया गया था. साथ ही दोनों ट्रक के चालक भी गिरफ्तार हुए थे. जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 2 करोड़ रुपये से अधिक था. वहीं गत 1 फरवरी को उत्पाद विभाग की टीम ने बौंसी के भलजोर चेक पोस्ट पर भूसा व मुड़ी लदे 12 चक्का ट्रक से 10 हजार 97 लीटर शराब बरामद किया था. साथ ही ट्रक को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार किया गया था. बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ रुपयेे थी.—
कहते हैं एसपीझारखंड से पूर्वी बिहार की ओर शराब ले जाने के लिए बांका जिला के रास्ते का इस्तेमाल तस्कर के द्वारा किया जाता है. इसके लिए बॉर्डर क्षेत्र में ही हर आने-जाने वाले वाहनों की सघन तालाशी लेने का सख्त निर्देश संबंधित थानों को दिया गया है. किसी भी कीमत पर बांका के रास्ते अन्य जिलों के लिए शराब की डिलिवरी नही होने दी जायेगी.उपेंद्रनाथ वर्मा, एसपी, बांका
