कटोरिया : एडिशनल एसपी सह बेलहर पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ मदन कुमार आनंद ने सोमवार को कटोरिया स्थित कार्यालय परिसर में सभी थानेदारों के साथ बैठक की. चोरी व लूट की वारदातों सहित संपत्ति मूलक अपराधों की गहन समीक्षा की.
चोरी, लूट, छिनतई जैसी वारदातों पर अंकुश व घटित कांडों के उद्भेदन को लेकर संयुक्त छापेमारी टीम का भी गठन किया गया. समीक्षा बैठक के दौरान एडिशनल एसपी सह एसडीपीओ ने पिछले छह माह के दौरान हुई चोरी, गृहभेदन, लूट, छिनतई, मार्ग लूट आदि के कांडों की समीक्षा की.
संलिप्त गिरोह व अपराधियों को चिंहित कर कांडों का उद्भेदन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.
इस क्रम में लंबित कांडों के निष्पादन व वारंट-कुर्की के निष्पादन के आलोक में निर्धारित टारगेट के अनुपात में कितना प्रतिशत कार्य हुआ, इसकी समीक्षा की गयी. साथ ही सभी थानेदारों को आगे के लिये भी कई टास्क दिये गये. इस माह कितने कांडों का उद्भेदन हुआ, समय पर गश्ती निकल रहा है या नहीं, इस माह कितनी छापेमारी हुई आदि की भी समीक्षा की गयी.
उन्होंने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कारगर गश्ती का निर्देश दिया. अवैध शराब व अवैध बालू के कारोबार पर भी नजर रखने को कहा. साथ ही समय-समय पर छापेमारी व वाहन जांच अभियान भी चलाने का निर्देश दिया.
इस मौके पर बेलहर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष विनोद कुमार, कटोरिया थानाध्यक्ष राजेश कुमार, चांदन थानाध्यक्ष नीरज तिवारी, सूइया थानाध्यक्ष नसीम खां, जयपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत, आनंदपुर ओपीध्यक्ष सतीश कुमार, खेसर थानाध्यक्ष अनिल कुमार साव आदि मौजूद थे.
