बेलहर : थाना क्षेत्र के बांका बेलहर मुख्य मार्ग पर निमिया गांव के पास सोमवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया. जिससे उनकी मौत मौके पर ही हो गयी. जबकि इस घटना में एक अन्य जख्मी हुए है. इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया.
लेकिन भीड़ का फायदा उठाते हुए ट्रक चालक भागने में सफल रहा. आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग चार घंटा तक सड़क जाम कर पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग के लिए अड़े रहे.
स्थानीय बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष व जनप्रतिनिधि के काफी समझाने बुझाने के बाद जाम को तोड़ा गया. मौके पर बीडीओ ने परिवारिक लाभ व कबीर अंत्येष्टि के 23 हजार रुपया नगद मृतक परिजन को दिया. जानकारी के अनुसार बहजोरा गांव के युवक कैलाश पंडित अपने साला मिथुन पंडित के साथ अपने नानी घर रांगा से ससुराल कुंजलागढी जा रहे थे.
इसी क्रम में बांका की ओर से तेज रफ्तार आ रही आलू लदा ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया. जिससे बाइक सवार बीच सड़क पर फेंका गया और तेज रफ्तार ट्रक ने कैलाश पंडित (24 वर्ष) को कुचल दिया. जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. जबकि इस घटना में मिथुन पंडित बुरी तरह जख्मी हो गया.
जख्मी को इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल भेज दिया गया. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सड़क जाम कर मुआवजा की मांग करने लगे. सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी. ग्रामीणों ने वरीय पदाधिकारी के मौके पर पहुंचकर आपदा प्रबंधन के द्वारा मिलने वाली मुआवजे मौके पर देने के बाद ही जाम तोड़ने के बात पर अड़े रहे.
स्थानीय जनप्रतिनिधि के द्वारा समझाने पर तथा बीडीओ के द्वारा कबीर अंत्येष्टि एवं परिवारिक लाभ की राशि नगद देने एवं आपदा प्रबंधन की राशि एक माह के अंदर मिलने की बात पर जाम खत्म किया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया. मौके पर अंचलाधिकारी नरेंद्र प्रसाद, थानाध्यक्ष विनोद कुमार, कटोरिया इंस्पेक्टर, खेसर, सूईया थाना प्रभारी, पूर्व मुखिया महिपलाल पंडित, मुखिया रामानंद पंडित, नंदेसरी यादव आदि उपस्थित थे.
