बांका : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 मसूरिया में बुधवार की देर शाम जमीन विवाद को लेकर दो पहिया व चार पहिया वाहन को आग के हवाले कर दिया गया. बताया जा रहा है कि मसूरिया निवासी कादीर हासीम का गांव के कुछ लोगों के साथ जमीन विवाद था. जिसको लेकर अब्दुल कादीर हासीम ने पूर्व में कई बार थाना में विपक्षी के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी भी दर्ज करायी थी. जिसमें पुलिस के द्वारा कार्रवाई भी की गयी थी. लेकिन दोनों पक्षों का विवाद थमने की जगह बुधवार को और भी गहरा गया.
जिस पर एक पक्ष के लोगों ने कादीर हासिम के दो पहिया व चार पहिया वाहनों में आग लगा दी. वहीं ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार यह बताया जा रहा है कि अब्दुल कादीर हासीम ने स्वयं ही अपने वाहन को आग के हवाले किया है. जिसके बाद दोनों पक्षों के द्वारा हथियार से लैस होकर मारपीट की तैयारी में थे. जिसकी सूचना पुलिस को मिलते ही काफी संख्या में पुलिस बल मसूरिया पहुंच कर मामले की छानबीन करते हुए अब्दुल कादीर को हिरासत में ले लिया. वहीं थाने में मसूरिया के ग्रामीणों ने भी आकर अब्दुल कादीर के विरोध में आकर बोला कि अब्दुल कादीर खुद अपनी गाड़ी में आग लगाकर ग्रामीणों को फंसाना चाह रहा था.
इस संबंध में बांका थानाध्यक्ष राकेश रंजन सिंह ने बताया कि अब्दुल कादीर ने स्वयं ही अपनी गाड़ी में आग लगायी थी. जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर थाना ले आया है. जहां उक्त व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है. वहीं दूसरी ओर थाना पहुंचे आक्रोशित ग्रामीणों को पुलिस ने समझा बुझाकर मामले को शांत किया जा रहा है.
