कटोरिया : कटोरिया चौक से करझौंसा तक बांका मार्ग गड्ढे में तब्दील हो गयी है. मंगलवार की दोपहर हुई रिमझिम बारिश मात्र से जगह-जगह बने गड्ढों में जलजमाव हो जाने से समस्या व परेशानी चौगुनी हो गयी है. कटोरिया चौक से बांका तक की एनएच333ए की स्थिति पिछले दो माह से काफी गंभीर हो चुकी है. जगह-जगह सड़क पर बने छोटे-बड़े गड्ढों से होकर सभी वाहन हिचकोले खाते हुए गुजरने को विवश हैं. इन गड्ढों की हालत दिनों-दिन बदहाल होती जा रही है.
जर्जर सड़क की मरम्मती की दिशा में विभाग व प्रशासन के उदासीन रवैये से आमजनों में काफी आक्रोश है. ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर सड़कों की मरम्मती के नाम पर कई बार कोरम पूरा करने का काम भी हुआ. लेकिन दिनों-दिन सड़कों की सूरत बिगड़ती जा रही है. कटोरिया चौक से लेकर हाइस्कूल के पहले आइसक्रीम फैक्ट्री के निकट, कठौन रेलवे ओवरब्रीज, कठौन गांव, राधानगर, घोरमारा, तुलसीवरण, बहदिया आदि जगहों पर नारकीय स्थिति बनी हुई है. यहां सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क, पता लगाना काफी मुश्किल हो गया है. जर्जर सड़कों के खतरनाक गड्ढे बड़ी सड़क दुर्घटनाओं को खुला आमंत्रण दे रहे हैं.
बारिश के बाद सड़कों के गड्ढों में जलजमाव हो जाने से परेशानी चौगुनी हो जाती है. प्रतिदिन बाइक दुर्घटनाओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है. बावजूद इसके विभागीय अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं. अब क्षेत्र के लोग गोलबंद होकर आंदोलन का मूड भी बना रहे हैं.
