विभाग ने दो जगह लगाया बांस का सेपरेटर
बौंसी :बौंसी बाजार की हृदयस्थली कहे जाने वाले मारवाड़ी टोला में जर्जर बिजली का तार बीच सड़क पर ही काफी नीचे तक लटका हुआ है. स्थानीय लोगों की मानें तो इस जर्जर व लटके हुए तार से कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है. हालांकि विद्युत विभाग के द्वारा तारों में एक दो जगह बांस की बत्ती बांधकर सेपरेटर का काम करने का प्रयास किया गया है.
लेकिन काफी पहले बंधी हुई बत्तियां अब धूप और बारिश की वजह से सड़ चुकी है, हल्की आंधी और बारिश आने के बाद ऐसा लगता है कि तार टूट कर जमीन पर आ गिरेगी. तार के लटकने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अगर इस रास्ते से कोई भी मिनी बस या ट्रक गुजरेगी तो वह तार को आसानी से छू जायेगी. जिसकी वजह से बड़ी घटना हो सकती है. दिन के उजाले में तो यह वाहन चालकों को दिख जाता है. लेकिन रात के अंधेरे में अगर कोई वाहन चालक अपना वाहन लेकर इस गली से गुजरे तो वह विद्युत स्पर्शाघात का शिकार हो सकता है. मालूम हो कि जैन तीर्थ यात्रियों का वाहन भी इस रास्ते से गुजरता है. बिजली विभाग के द्वारा हर दिन कोई न कोई विद्युत समस्या संबंधी कार्य किया जाता है.
लेकिन इस जर्जर व लटके के तार की ओर किसी का ध्यान नहीं है. जबकि इस रास्ते से प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का वाहन प्रत्येक दिन गुजरता है, लेकिन इसकी मरम्मत या इसके सुधार की दिशा में कोई कार्य नहीं होने से मोहल्लेवासियों में असंतोष है. अगर ऐसे में कहीं कोई घटना हो जाती है तो इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी.
