कटोरिया : कटोरिया बाजार के देवघर रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक में शुक्रवार को दिनदहाड़े करीब पौने तीन बजे सात सशस्त्र बेखौफ लुटेरों ने लगभग चार लाख रुपये लूट लिये. लुटेरे नकदी के अलावा मैनेजर व कैशियर का मोबाइल, बैंक में लगे सीसीटीवी का डीवीआर एवं कंप्यूटर का सर्वर व सीपीयू भी ले भागे. सभी लुटेरे आसमानी रंग की कार पर सवार होकर देवघर की ओर भागे. घटना की सूचना मिलते ही कटोरिया थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह, अवर निरीक्षक विजय कुमार सिंह,
रामाशंकर प्रसाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. बैंक लूटकांड की जानकारी के बाद एसपी चंदन कुशवाहा भी घटनास्थल पर पहुंचे और बैंक अधिकारियों के अलावा चश्मदीद ग्राहकों व अन्य लोगों से गहन पूछताछ की. एसपी ने कहा कि इस लूटकांड को गंभीरता से लिया गया है. स्पेशल टीम की आेर से लूटकांड का अनुसंधान व लुटेरों की गिरफ्तारी की जायेगी. जल्द से जल्द लूटकांड का खुलासा करने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने कहा कि लुटेरों के भागने की दिशा में अन्य थानों की ओर से वाहन चेकिंग व छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस फॉलोअप एक्शन कर रही है.
