अररिया व बांका में लुटेरों ने दिया घटना को अंजाम
लुटेरों ने हथियार के बल पर बैंक कर्मचारियों व ग्राहकों को कब्जे में लेकर अररिया में चार लाख व बांका में पांच लाख लूट लिये.
कटोरिया/ अररिया : कटोरिया बाजार के देवघर रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक में शुक्रवार को दिनदहाड़े करीब पौने तीन बजे सात सशस्त्र बेखौफ लुटेरों ने लगभग पांच लाख तीस हजार पचास रुपये लूट लिये. लुटेरे नकदी के अलावा मैनेजर व कैशियर का मोबाइल, बैंक में लगे सीसीटीवी का डीवीआर एवं कंप्यूटर का सर्वर व सीपीयू भी ले भागे.
सभी लुटेरे आसमानी रंग की कार पर सवार होकर देवघर की ओर भागे. घटना की सूचना मिलते ही कटोरिया थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह, अवर निरीक्षक विजय कुमार सिंह, रामाशंकर प्रसाद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे
एसबीआइ से दिनदहाड़े…
और छानबीन शुरू की. बैंक लूटकांड की जानकारी के बाद एसपी चंदन कुशवाहा भी घटनास्थल पर पहुंचे और बैंक अधिकारियों के अलावा चश्मदीद ग्राहकों व अन्य लोगों से गहन पूछताछ की. एसपी ने कहा कि इस लूटकांड को गंभीरता से लिया गया है. स्पेशल टीम की आेर से लूटकांड का अनुसंधान व लुटेरों की गिरफ्तारी की जायेगी. जल्द से जल्द लूटकांड का खुलासा करने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने कहा कि लुटेरों के भागने की दिशा में अन्य थानों की ओर से वाहन चेकिंग व छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस फॉलोअप एक्शन कर रही है.
लोगों में भय व दहशत :
बैंक में धावा बोलते ही लुटेरों ने ब्रांच मैनेजर ऋषिकेश नंदन, कैशियर शशिभूषण प्रसाद, बैंक के ग्राहकों व फर्नीचर का काम कर रहे सभी मिस्त्री के मोबाइल जब्त कर एक कमरे में बंद कर दिया. नकदी को बैग में भर कर लुटेरे भाग निकले. लूटकांड की जानकारी क्षेत्र में जंगल में आग की तरह फैली. देखते ही देखते बैंक के बाहर लोगों की काफी भीड़ जुट गयी. बाजार में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात से क्षेत्र के सभी बैंक अधिकारी, व्यवसायी व आमजन काफी भय व दहशत में हैं.
