Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के झमन बिगहा गांव में गुरुवार की अपराह्न आकाशीय बिजली गिरने से 39 वर्षीय एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. घटना उस समय हुई, जब वह खेत में काम कर रहे मजदूरों के लिए खाना लेकर जा रहे थे. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
खेत जाते समय वज्रपात की चपेट में आए युवक
मृतक की पहचान झमन बिगहा गांव निवासी रामदेव यादव के 39 वर्षीय पुत्र योगेंद्र यादव के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि गुरुवार की अपराह्न करीब तीन बजे वह खेत में काम कर रहे मजदूरों के लिए भोजन लेकर जा रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के बीच हुई आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और खेत में ही गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीण उन्हें जीवित समझकर तत्काल इलाज के लिए गोह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर गोह थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, प्रशासन ने जारी की अपील
योगेंद्र यादव की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. ग्रामीणों ने बताया कि योगेंद्र यादव मिलनसार और मेहनती स्वभाव के व्यक्ति थे. उनकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, खेतों तथा पेड़ों के नीचे जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके.
