औरंगाबाद के दाउदनगर शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर योग शिविर का आयोजन कर लोगों को योग, प्राणायाम और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक किया गया. बम रोड स्थित शिव बाला शिव मंदिर परिसर में पतंजलि अनुमंडल प्रभारी नंद बाबा के नेतृत्व में योग कक्षा आयोजित हुई. इसके मुख्य अतिथि पतंजलि किसान प्रभारी बृजमोहन शर्मा रहे.
पतंजलि योग शिविर में दी गई अनुशासन की सीख
योगाभ्यास के दौरान बृजमोहन शर्मा ने प्रतिभागियों को कपालभाति प्राणायाम कराया. उन्होंने कहा कि पतंजलि ऋषि ने हजारों वर्ष पहले योग का पहला सूत्र ‘अथ योगानुशासनम्’ दिया था. इसका अर्थ है कि योग के साथ अनुशासन आवश्यक है. नियमित योग करने से व्यक्ति अनुशासित जीवनशैली अपनाता है.
उन्होंने कहा कि योग, प्राणायाम, आसन, व्यायाम और सूर्य नमस्कार को जीवन में शामिल कर कई बीमारियों और बुराइयों से बचा जा सकता है. उन्होंने कहा कि योगगुरु स्वामी रामदेव के अनुसार संसार की अनेक समस्याओं का समाधान युद्ध नहीं, बल्कि योग है.
उन्होंने ‘न योगात् परं बलम्, न योगात् परं धनम्, न योगात् परं तपः’ का संदेश देते हुए कहा कि योग का युग आ गया है. इसलिए सभी को ‘योगः शरणं गच्छामि’ के भाव के साथ योग को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए.
प्रमुख लोगों की रही उपस्थिति
इस योग कक्षा में वार्ड पार्षद सोनी, दीपक केशरी, सुखलाल प्रसाद, मुकेश आर्य, गुड्डू तिवारी, रामजी प्रसाद, सुंदरम, मोहन प्रसाद, उदय पासवान, रामपुकार प्रसाद, श्रवण कुमार, हीरालाल, महेश, शिवम कुमार, सुनील कुमार सिन्हा, सुनीता देसी, सुनीता राय, रेखा देवी, अजय, और देवश्री निर्मला देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
गायत्री प्रज्ञा पीठ में भी चला योग सत्र
वहीं, गायत्री प्रज्ञा पीठ, शांतिकुंज दाउदनगर में भी योग शिविर लगाया गया. योग शिक्षक कल्लू कुमार ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया. इस मौके पर राजेंद्र प्रसाद, मुन्ना कुमार, अनिल कुमार, सरोज कुमार, सुमन कुमार, दीनानाथ प्रसाद, अशोक प्रसाद, राजीव कुमार और कविंद्र कुमार शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
